ताजासमाचार

सीएम डॉ. मोहन यादव के दौरे से पहले कांग्रेस का अल्टीमेटम, मांग पत्र सौंपने का समय नहीं मिला तो काले झंडे दिखाएगी

डेस्क न्यूज़ 29 June, 2026 अन्य

नीमच। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित नीमच दौरे से पहले जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को मांग पत्र सौंपने और विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा के लिए समय देने की मांग की है। कांग्रेस का कहना है कि मुख्यमंत्री का दौरा केवल औपचारिकता बनकर नहीं रहना चाहिए, बल्कि जिले से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी संवाद होना चाहिए।

जिला कांग्रेस ने बताया कि वह मुख्यमंत्री के समक्ष जिले से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषय उठाना चाहती है। इनमें मुख्यमंत्री के परिवार से जुड़े कथित भूमि घोटाले पर स्पष्टीकरण, मंदसौर-भोपाल ग्रीन कॉरिडोर में नीमच को शामिल करना, खिमला ब्लॉक में कथित भ्रष्टाचार और मजदूरों की मौत की उच्च स्तरीय जांच, भादवामाता लोक निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करना, किसानों को खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा पिछली तीन फसलों का लंबित फसल बीमा दिलाना और नीमच मुख्यालय पर सीएम राइज स्कूल के लिए तत्काल भूमि चयन जैसे मुद्दे शामिल हैं।

कांग्रेस ने कहा कि वह इन सभी विषयों पर मुख्यमंत्री से सीधे चर्चा कर जिले के हितों से जुड़े सवालों के जवाब चाहती है। पार्टी का कहना है कि यदि प्रतिनिधिमंडल को मुख्यमंत्री से मिलने और मांग पत्र सौंपने का अवसर नहीं दिया गया, तो इसे जिले की उपेक्षा माना जाएगा।

जिला कांग्रेस ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि मिलने का समय नहीं दिया गया तो मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। पार्टी का कहना है कि ऐसी स्थिति में कानून-व्यवस्था या अन्य किसी भी प्रकार की स्थिति की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि नीमच के विकास, किसानों के हितों और जिले की अस्मिता से जुड़े मुद्दों को लेकर उसका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

Related Post