डेस्क न्यूज़
29 June, 2026
अन्य
नीमच। जिले में रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत जन्म से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए पोलियो रोधी वैक्सीन की दो बूंद पिलाई जा रही है। जिला अस्पताल में आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में विधायक दिलीप सिंह परिहार ने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटील, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. मनीष यादव सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं चिकित्सकीय अमला मौजूद रहा।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. मनीष यादव ने बताया कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो दिवस के अवसर पर पूरे देश के साथ नीमच जिले में भी शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो रोधी वैक्सीन की दो बूंद पिलाई जा रही है। यह ओरल वैक्सीन बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बचाने में प्रभावी है और प्रत्येक पात्र बच्चे तक इसका लाभ पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि इस बार जिले में 1 लाख 4 हजार 717 बच्चों को तीन दिनों के अभियान के दौरान पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पहले दिन जिलेभर में बनाए गए बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई जा रही है, जबकि दूसरे और तीसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक देंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाए।
स्वास्थ्य विभाग ने अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में 802 पल्स पोलियो बूथ स्थापित किए हैं, जहां प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती की गई है। अभियान की निगरानी के लिए 107 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर विशेष ट्रांजिट बूथ भी बनाए गए हैं, ताकि यात्रा के दौरान आने-जाने वाले बच्चों को भी पोलियो की दवा उपलब्ध कराई जा सके।
डॉ. यादव ने बताया कि जिले में 4 ट्रांजिट टीमें और 18 मोबाइल टीमें भी गठित की गई हैं। ये टीमें ईंट-भट्टों, फैक्ट्रियों, निर्माण स्थलों और अन्य स्थानों पर कार्यरत प्रवासी एवं मजदूर परिवारों के बच्चों तक पहुंचकर उन्हें पोलियो की खुराक पिलाएंगी, ताकि कोई भी पात्र बच्चा इस अभियान से वंचित न रहे।
स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि सभी अभिभावक अपने जन्म से पांच वर्ष तक के बच्चों को निकटतम पल्स पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर आएं और उन्हें पोलियो की दो बूंद पिलाकर इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखें। विभाग ने विश्वास जताया है कि जनसहभागिता और जागरूकता के माध्यम से निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा किया जाएगा तथा नीमच जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखने में सभी का महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।