ताजासमाचार

108 एंबुलेंस में गूंजी नवजात की किलकारी, रास्ते में सुरक्षित कराई प्रसूता की डिलीवरी

डेस्क न्यूज़ 29 June, 2026 अन्य

नीमच। जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज उदयपुर रेफर की गई एक प्रसूता की 108 एंबुलेंस में ही सुरक्षित डिलीवरी कराई गई। एंबुलेंस के पायलट और ईएमटी की सूझबूझ, तत्परता और मानवीय सेवा के चलते जच्चा और नवजात दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं। इस सराहनीय कार्य की अस्पताल स्टाफ और परिजनों ने जमकर प्रशंसा की।

जानकारी के अनुसार पिपलिया मंडी निवासी हंसा नायक (37 वर्ष), पति पप्पूलाल नायक को प्रसव पीड़ा होने पर जिला अस्पताल नीमच में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकीय जांच के बाद बेहतर उपचार के लिए उन्हें मेडिकल कॉलेज उदयपुर रेफर किया गया। 108 एंबुलेंस के माध्यम से उदयपुर ले जाते समय डोरिया चौराहा के पास अचानक प्रसूता की प्रसव पीड़ा काफी तेज हो गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एंबुलेंस के पायलट अशोक कुमार और ईएमटी विजय शाक्य ने बिना समय गंवाए एंबुलेंस को सुरक्षित स्थान पर रोका। आवश्यक चिकित्सकीय सावधानियां अपनाते हुए उन्होंने एंबुलेंस में ही प्रसव कराया। कुछ ही देर में नवजात ने सुरक्षित जन्म लिया और जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ पाए गए।

प्राथमिक उपचार और देखभाल के बाद एंबुलेंस कर्मियों ने प्रसूता और नवजात को सुरक्षित वापस जिला अस्पताल नीमच पहुंचाया, जहां दोनों को भर्ती कर चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार मां और बच्चा दोनों की हालत सामान्य और स्थिर है।

108 एंबुलेंस कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई, सेवा भावना और संकट की घड़ी में दिखाई गई सूझबूझ की परिजनों के साथ-साथ अस्पताल के चिकित्सकों और स्टाफ ने भी सराहना की। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में प्रशिक्षित कर्मियों की तत्परता कई बार जीवनरक्षक साबित होती है।

Related Post