ताजासमाचार

मनासा के महागढ़ चक में युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी, फांसी पर लटका मिला शव; सुसाइड नोट मिलने से हड़कंप, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

डेस्क न्यूज़ 27 June, 2026 अन्य

नीमच \ मनासा। मनासा-मंदसौर मार्ग स्थित महागढ़ चक में शनिवार को 35 वर्षीय युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मृतक के परिजनों ने इसे संदिग्ध मौत बताते हुए हत्या की आशंका जताई है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान नारायणसिंह (35) निवासी महागढ़ चक के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि पिछले लगभग छह माह से उनका समाज के एक पक्ष के साथ विवाद चल रहा था। उनका कहना है कि इसी विवाद के चलते नारायणसिंह को लगातार परेशान और धमकाया जा रहा था।

घटना के बाद मृतक की जेब से एक कथित सुसाइड नोट मिलने की भी जानकारी सामने आई है। सुसाइड नोट में नरेंद्र सिंह द्वारा धमकाने और जान से मारने की बात का उल्लेख किया गया है। पुलिस ने उक्त नोट को अपने कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है। 

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मनासा-मंदसौर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हुआ। प्रदर्शनकारियों ने निष्पक्ष जांच, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मृतक के परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। मनासा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की हर पहलू से जांच शुरू कर दी है।

मनासा थाना प्रभारी नीलेश अवस्थी ने बताया की पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सुसाइड नोट की जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है।

Related Post