ताजासमाचार

केलुखेड़ा में 57 वर्षीय व्यक्ति ने फांसी लगाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी

डेस्क न्यूज़ 27 June, 2026 अन्य

नीमच। नीमच सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम केलुखेड़ा में शनिवार सुबह एक 57 वर्षीय व्यक्ति द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर जिला चिकित्सालय भिजवाया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान शिवनारायण पाटीदार (57) पिता रामचंद्र पाटीदार, निवासी ग्राम केलुखेड़ा के रूप में हुई है। बताया गया कि शनिवार सुबह करीब 4 बजे वह रोज की तरह घर से उठकर पहले बाड़े में हाथ-मुंह धोने गए और इसके बाद पशुओं को चारा डालने पहुंचे। कुछ देर बाद उनकी पत्नी भी बाड़े में पहुंचीं, जहां उन्होंने शिवनारायण को रस्सी के फंदे से लटका हुआ देखा। यह देखकर उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

घटना की सूचना तत्काल नीमच सिटी थाना पुलिस और ग्राम चौकीदार को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शिवनारायण पाटीदार का कुछ माह पहले हृदय का ऑपरेशन हुआ था। हालांकि उन्होंने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ कर विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के कारणों का पता चल सकेगा.

Related Post