डेस्क न्यूज़
29 June, 2026
अन्य
नीमच। मध्यप्रदेश और राजस्थान से जुड़ा करोड़ों रुपये की कथित ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जोधपुर पुलिस ने चित्तौड़गढ़ के एक मिष्ठान व्यवसायी की शिकायत पर नीमच जिले के मनासा थाने में पदस्थ हेड कांस्टेबल राघवेंद्र सिंह तथा जोधपुर की कथित हिस्ट्रीशीटर सुनिता बिश्नोई उर्फ 'सुमता डॉन' सहित अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की शिकायत नीमच पुलिस अधीक्षक को भी सौंपी है।
शिकायत के अनुसार आरोप है कि हेड कांस्टेबल राघवेंद्र सिंह ने अपने राजनीतिक और प्रशासनिक प्रभाव का हवाला देते हुए चित्तौड़गढ़ जिले के निंबाहेड़ा निवासी मिष्ठान व्यवसायी पर्वत सिंह राजपुरोहित को झांसे में लिया और उसकी मुलाकात सुनिता बिश्नोई से कराई। आरोप है कि सुनिता ने स्वयं को प्रभावशाली बताते हुए चित्तौड़गढ़ में मनचाहे पुलिस अधीक्षक की नियुक्ति, सांवरिया सेठ मंदिर में अध्यक्ष की नियुक्ति और मंदिर में लड्डू प्रसादी का ठेका दिलाने का भरोसा दिलाया।
शिकायत में दावा किया गया है कि इन कार्यों के नाम पर मार्च और अप्रैल 2025 के दौरान कथित रूप से 1.05 करोड़ रुपये नकद लिए गए। इसके बाद 65 किलो अफीम तस्करी के एक मामले में आरोपी की हाईकोर्ट से जमानत कराने का भरोसा देकर 1.40 करोड़ रुपये और लिए गए। इस प्रकार कुल 2.45 करोड़ रुपये की कथित ठगी का आरोप लगाया गया है।
एफआईआर के अनुसार शिकायतकर्ता का आरोप है कि जोधपुर में एक लग्जरी कार के भीतर कथित रूप से हाईकोर्ट के जज और अन्य प्रभावशाली लोगों से मोबाइल पर बातचीत का नाटक कर भरोसा दिलाया गया। बाद में न तो कथित वादे पूरे हुए और न ही ली गई राशि वापस की गई।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने लगभग 30 लाख रुपये लौटाए, जबकि शेष राशि के बदले जोधपुर स्थित एक प्लॉट दिया गया, जो पहले से विवादित निकला। पैसे वापस मांगने पर शिकायतकर्ता को व्हाट्सएप के माध्यम से कथित रूप से जान से मारने की धमकी भी दी गई।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को व्हाट्सएप चैट, कॉल रिकॉर्डिंग, ऑडियो क्लिप तथा अन्य दस्तावेजी साक्ष्य उपलब्ध कराने का दावा किया है। मामले की जांच जोधपुर पश्चिम के बोरानाड़ा थाना पुलिस कर रही है।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 316(2), 318(4), 308(2) और 61(2)(बी) के तहत मामला दर्ज किया है।