ताजासमाचार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दौरे की तैयारियां तेज, भाजपा की जिला स्तरीय बैठक संपन्न

डेस्क न्यूज़ 27 June, 2026 अन्य

नीमच। आगामी 29 जून को प्रस्तावित मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नीमच दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी की जिला स्तरीय बैठक शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय तपोभूमि में आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं से आयोजन को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए पूरी सक्रियता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया।

बैठक का शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक नेताओं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय तथा भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ।

जिला मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी एवं सह मीडिया प्रभारी शुभम शर्मा ने बताया कि बैठक को भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, विधायक दिलीप सिंह परिहार तथा नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा ने संबोधित किया।

वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के इस दौरे के दौरान नीमच जिले को विकास की कई महत्वपूर्ण सौगातें मिलने जा रही हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री का यह दौरा जिले के विकास की दिशा में ऐतिहासिक साबित होगा।

बैठक का संचालन जिला महामंत्री धनसिंह केथवास ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता महेंद्र भटनागर, हेमंत हरित, जिला उपाध्यक्ष राकेश पप्पू जैन, निलेश पाटीदार, सभी मंडल अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक में जानकारी दी गई कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान नीमच जिले के लिए हजारों करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे, जिससे जिले के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Related Post