ताजासमाचार

मोहर्रम पर नीमच में उमड़ा आस्था का सैलाब, 60 ताजियों के साथ निकला मातमी जुलूस

डेस्क न्यूज़ 27 June, 2026 अन्य

नीमच। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद मुस्तफा (सल्लल्लाहु अलैहि व आलिहि वसल्लम) के नवासे हजरत इमाम हुसैन (अलैहिस्सलाम) और शोहदाए कर्बला की अज़ीम शहादत की याद में शुक्रवार को नीमच कैंट, छावनी और बघाना क्षेत्र में यौमे आशूरा पूरे अदब, एहतराम और अकीदत के साथ मनाया गया। शहर में मातमी माहौल के बीच करीब 60 छोटे-बड़े ताजियों का भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें हजारों अकीदतमंद शामिल हुए। "या हुसैन" और "या अली" की सदाओं तथा मातमी नौहों से पूरा शहर गूंज उठा।

अखाड़ा के उस्ताद मुन्ना सम्राट, अबरार भाई उर्फ ओबरी उस्ताद एवं पार्षद इकबाल कुरैशी ने बताया कि सुबह विभिन्न मोहल्लों से ताजिए अपने-अपने मुकाम से रवाना हुए। जुलूस पटेल चाल, फ्रूट मंडी, टैगोर मार्ग, फोर-जीरो, पुस्तक बाजार, जाजू बिल्डिंग, नया बाजार और घंटाघर सहित प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। रास्तेभर अकीदतमंदों ने फूल, इत्र, लोबान और नारियल अर्पित कर ताजियों की जियारत की तथा इमाम हुसैन की शहादत को खिराज-ए-अकीदत पेश किया। इस दौरान हिंदू और मुस्लिम समाज के लोगों ने मिलकर गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे की मिसाल पेश की।

मातमी बैंड की धुनों पर नौहे और कलाम पढ़े गए, जबकि अकीदतमंदों ने सीना-ज़नी कर कर्बला की कुर्बानी को याद किया। मोहर्रम के अवसर पर शहर के विभिन्न स्थानों पर शरबत, हलीम और तबर्रुक का वितरण भी किया गया। दोपहर बाद सभी ताजिए टैगोर मार्ग पर एकत्रित हुए, जहां आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग इस ऐतिहासिक नजारे को देखने पहुंचे।

देर रात ताजियों का कारवां झांझरवाड़ा स्थित कर्बला पहुंचा, जहां धार्मिक रस्मों के साथ ताजियों को ठंडा किया गया। इस दौरान अड्डे, बड़ी मंडी इब्राहिम, कालीगिरी अखाड़ा, अब्बासिया, बोहरा समाज और रिसाला दरगाह सहित विभिन्न अखाड़ों एवं अंजुमनों के ताजिए शामिल रहे। कई अखाड़ों ने पारंपरिक हैरतअंगेज करतबों का भी प्रदर्शन किया।

पूरे आयोजन के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। वरिष्ठ अधिकारी लगातार भ्रमण करते रहे तथा प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल और सुरक्षा व्यवस्था तैनात रही। प्रशासन की सतर्क निगरानी के बीच पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

आज नीमच सिटी में निकलेगा ताजियों का जुलूस

शनिवार को नीमच सिटी क्षेत्र में मोहर्रम के अवसर पर करीब 20 छोटे-बड़े ताजियों का जुलूस निकाला जाएगा। ताजिए अपने-अपने इमामबाड़ों से रवाना होकर नया बाजार सहित प्रमुख मार्गों से गुजरेंगे। शाम करीब 5 बजे सभी ताजिए एकत्रित होंगे और देर रात कर्बला में पारंपरिक रस्मों के साथ ठंडे किए जाएंगे। प्रशासन ने आयोजन को लेकर सुरक्षा और यातायात की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली हैं।

Related Post