ताजासमाचार

मंदसौर में किसानों के कुओं से मोटर-केबल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो शातिर चोर गिरफ्तार

डेस्क न्यूज़ 26 June, 2026 अन्य

मंदसौर। जिले की अफजलपुर थाना पुलिस ने किसानों के खेतों में बने कुओं से रात के समय विद्युत मोटर और केबल चोरी करने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई विद्युत मोटर, केबल और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल तथा ग्रामीण एसडीओपी कीर्ति बघेल के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार 22-23 जून की दरमियानी रात फरियादी रुघनाथ सिंह निवासी अफजलपुर ने अपने खेत के कुएं से विद्युत मोटर और केबल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर थाना अफजलपुर में अपराध क्रमांक 161/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम अभिषेक और जहीर निवासी दलौदा बताए तथा चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी जहीर के कब्जे से करीब 11,500 रुपये कीमत की एक 3 हॉर्स पावर विद्युत मोटर और 70 फीट केबल बरामद की। वहीं आरोपी अभिषेक के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई बजाज पल्सर 125 एनएस मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक पिता विक्रम सिंह (22) और जहीर पिता वहीद (22) निवासी इंदिरा आवास, दलौदा के रूप में हुई है। मामले में सुमित पिता विक्रम सिंह निवासी दलौदा अभी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और संभावना है कि उनसे क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।

Related Post