डेस्क न्यूज़
26 June, 2026
अन्य
नीमच। शहर के कैंट थाना क्षेत्र स्थित प्राइवेट बस स्टैंड पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बस स्टैंड में प्रवेश कर रही एक निजी बस ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में युवक के सिर में गंभीर चोट आई है।
जानकारी के अनुसार लक्की पिता रामनिवास पाटीदार (19 वर्ष) निवासी ग्राम बामनिया अपने दोस्त मंगल सिंह के साथ नीमच कपड़े लेने आया था। खरीदारी के बाद दोनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान महू रोड की ओर से आ रही गीतांजलि बस, जो बस स्टैंड में प्रवेश कर रही थी, ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि लक्की सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद प्राण जीवन पारीक ने मानवता का परिचय देते हुए घायल युवक को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया और उसके परिजनों को घटना की सूचना दी।
हादसे के बाद बस स्टैंड पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि संबंधित गीतांजलि बस नीमच से झारड़ा मार्ग पर संचालित होती है। फिलहाल घायल युवक का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।