ताजासमाचार

NEET घोटाले को लेकर नीमच में कांग्रेस का भाजपा पर बड़ा हमला, 'संस्थानिक हत्या' का लगाया आरोप; 9 अगस्त तक चलेगा 'छात्रों की गूंज' अभियान

डेस्क न्यूज़ 26 June, 2026 अन्य

नीमच। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशानुसार शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी नीमच ने एक महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता आयोजित की। पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को लेकर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रही अनियमितताओं, पेपर लीक और भ्रष्टाचार के कारण देश के लाखों युवाओं का भविष्य संकट में है।

NEET घोटाले को बताया 'संस्थानिक हत्या'

तरुण बाहेती ने कहा कि NEET परीक्षा में हुए कथित महाघोटाले और धांधली से देशभर के 22.7 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने दावा किया कि परीक्षा में अनियमितताओं और मानसिक तनाव के कारण देशभर में 93 से अधिक अभ्यर्थियों ने आत्महत्या की है, जबकि हालिया विवाद के बाद डेढ़ महीने में ही 12 से अधिक छात्रों ने अपनी जान गंवाई। उन्होंने इन घटनाओं को आत्महत्या नहीं बल्कि "संस्थानिक हत्या" बताते हुए इसकी जिम्मेदारी केंद्र सरकार पर डाली।

शिक्षा व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल

जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी आज मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ बन चुकी है। उन्होंने दावा किया कि NEET, JEE, UPSC सहित प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं के फॉर्म, कोचिंग, हॉस्टल और अन्य खर्चों में परिवार लाखों रुपये खर्च कर रहे हैं। कोटा और इंदौर जैसे शिक्षा केंद्रों में एक छात्र की सालाना पढ़ाई का खर्च 2 से 5 लाख रुपये तक पहुंच जाता है। कई परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए जमीन गिरवी रखने या कर्ज लेने को मजबूर हैं। ऐसे में यदि पेपर लीक और धांधली होती है तो सबसे बड़ा नुकसान छात्रों और उनके परिवारों को उठाना पड़ता है।

मध्यप्रदेश को बताया 'घोटालों का टापू'

तरुण बाहेती ने प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि मध्यप्रदेश लगातार परीक्षा और भर्ती घोटालों का केंद्र बनता जा रहा है। उन्होंने व्यापमं, पटवारी भर्ती, नर्सिंग कॉलेज, आरक्षक भर्ती और शिक्षक पात्रता परीक्षा से जुड़े विवादों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन मामलों ने लाखों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है।

9 अगस्त तक चलेगा 'छात्रों की गूंज' अभियान

उन्होंने बताया कि कांग्रेस आगामी 9 अगस्त तक जिलेभर में "छात्रों की गूंज" जन-जागरण अभियान चलाएगी। अभियान के माध्यम से छात्रों, प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों, अभिभावकों और आम नागरिकों को शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों और कांग्रेस की मांगों से अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस युवाओं के अधिकारों की लड़ाई संसद से लेकर सड़क तक लड़ रही है और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में इसे जनआंदोलन का रूप दिया जा रहा है।

कांग्रेस की प्रमुख मांगें

पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस ने कई मांगें भी रखीं। इनमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की बर्खास्तगी, NEET परीक्षा मामले की सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में निष्पक्ष जांच, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को भंग करने, पेपर लीक के खिलाफ सख्त गैर-जमानती कानून बनाने, भर्ती परीक्षाओं का निश्चित कैलेंडर लागू करने, मानसिक अवसाद के कारण जान गंवाने वाले छात्रों के परिवारों को उचित मुआवजा देने तथा पटवारी और नर्सिंग घोटालों के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग शामिल है।

पत्रकार वार्ता में पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौरसिया, कांग्रेस नेता बृजेश सक्सेना, मुकेश कालरा, डॉ. पृथ्वी सिंह वर्मा, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष आशा सांभर, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनमोहन सिंह, मोनू लोक्स, बलवंत पाटीदार, हिदायतुल्ला खान, रमेश कदम, मनोहर अम्ब, भगत वर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Post