ताजासमाचार

नीमच के चर्चित कोरियर ऑफिस लूटकांड का बड़ा खुलासा, पुलिस ने 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार

डेस्क न्यूज़ 26 June, 2026 अन्य

नीमच। शहर के चर्चित महू रोड स्थित कोरियर ऑफिस लूटकांड में कैंट थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचकर उन्हें दबोच लिया।

शुक्रवार को सभी आरोपियों का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी, ताकि वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा किया जा सके।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में एक नीमच, दो मल्हारगढ़ और दो कचनारा क्षेत्र के निवासी हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों में शामिल एक युवक संबंधित कोरियर कंपनी का पूर्व कर्मचारी था। उसे कार्यालय की कार्यप्रणाली, नकदी रखने की जगह और कर्मचारियों की दिनचर्या की पूरी जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की साजिश रची।

गौरतलब है कि मंगलवार रात करीब 9:30 बजे चार बदमाश पार्सल की जानकारी लेने के बहाने महू रोड स्थित कोरियर ऑफिस पहुंचे थे। कुछ देर बाद उन्होंने कर्मचारी सूरजनाथ के साथ मारपीट की और विरोध करने पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद बदमाश 50 हजार रुपये से अधिक की नकदी लूटकर फरार हो गए।

घटना के बाद पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल और सीएसपी किरण चौहान ने मौके का निरीक्षण कर जांच के निर्देश दिए थे। लगातार कार्रवाई के बाद पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में कई अन्य अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। पूरे मामले का विस्तृत खुलासा जल्द ही पुलिस अधीक्षक द्वारा किया जाएगा।

Related Post