डेस्क न्यूज़
26 June, 2026
अन्य
नीमच। जिले की प्रतिभाशाली साहित्यकार एवं कवयित्री वंदना योगी 'जाह्नवी' ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नीमच और मध्यप्रदेश का नाम रोशन किया है। साहित्य सृजन, भारतीय संस्कृति के वैश्विक प्रचार-प्रसार तथा विश्व शांति और मानवता के संदेश को साहित्य के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें वियतनाम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय साहित्य महोत्सव में प्रतिष्ठित "वियतनाम सद्भावना सम्मान–2026" से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान हो ची मिन्ह सिटी (वियतनाम) में आयोजित अखिल भारतीय सर्वभाषा संस्कृति समन्वय समिति के 24वें अंतरराष्ट्रीय पांच दिवसीय वियतनाम साहित्य महोत्सव के दौरान संस्था के वैश्विक अध्यक्ष पंडित सुरेश 'नीरव' एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा प्रदान किया गया। इस भव्य आयोजन में भारत सहित विभिन्न देशों के साहित्यकारों, कवियों और विद्वानों ने भाग लिया।
वंदना योगी 'जाह्नवी' महेंद्र योगी की धर्मपत्नी एवं पूर्व कृषि विस्तार अधिकारी स्वर्गीय पी.एन. नाटेश्वरी की सुपुत्री हैं। सम्मान प्राप्त करने के बाद उन्होंने अपने प्रभावशाली काव्य-पाठ के माध्यम से विश्व शांति, प्रेम, सद्भाव और मानवता का संदेश दिया। उनकी प्रस्तुति को देश-विदेश से आए साहित्यकारों और श्रोताओं ने खूब सराहा।
महोत्सव का शुभारंभ भारतीय सेना के सेवानिवृत्त मेजर जनरल एवं सेना मेडल से सम्मानित अनूप कुमार नायर ने किया। इसी अवसर पर सुप्रसिद्ध फिल्मी गीतकार गीतेश्वर बाबू 'घायल' को भी "वियतनाम विभूति सम्मान–2026" से सम्मानित किया गया। आयोजन के दौरान प्रतिभागियों ने वियतनाम की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों का भी अवलोकन किया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद वंदना योगी 'जाह्नवी' ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने साहित्यिक गुरु प्रमोद रामावत 'प्रमोद', अपने परिवार तथा नीमच की पावन माटी को दिया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि नीमच, मध्यप्रदेश और पूरे भारतीय साहित्य जगत का सम्मान है।
उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर नीमच के साहित्यकारों, सामाजिक संगठनों, शिक्षाविदों और शहरवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। यह सम्मान न केवल उनकी साहित्य साधना का सम्मान है, बल्कि जिले के लिए भी गौरव का विषय बन गया है।