डेस्क न्यूज़
25 June, 2026
अन्य
नीमच। जिले के कलेक्टोरेट परिसर में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब लोकायुक्त संगठन उज्जैन की टीम ने आदिम जाति कल्याण विभाग में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए जिला संयोजक राकेश राठौर और उत्कृष्ट बालक छात्रावास नीमच के अधीक्षक हरीश चौहान को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई की खबर फैलते ही कलेक्टोरेट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पूरे दिन इस मामले की चर्चा होती रही।
लोकायुक्त से मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता कुर्दुला एक्का, अधीक्षिका, जूनियर कन्या छात्रावास कुकड़ेश्वर ने उज्जैन लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि छात्रावास में कथित अनियमितताओं के चलते उन्हें निलंबित कर विभागीय जांच शुरू की गई थी। आरोप है कि जांच में सहयोग करने और उनका लंबे समय से रुका हुआ वेतन जारी कराने के बदले जिला संयोजक राकेश राठौर एवं छात्रावास अधीक्षक हरीश चौहान द्वारा 1 लाख 25 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की गई थी।
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने मामले का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने पर योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की गई। तय योजना के अनुसार गुरुवार को जैसे ही रिश्वत की राशि का लेन-देन हुआ, लोकायुक्त टीम ने दबिश देकर दोनों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान 1 लाख रुपये की रिश्वत राशि हरीश चौहान की पैंट की दाहिनी जेब से बरामद की गई। इसके बाद मौके पर ही आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई की गई और दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया।
गौरतलब है कि आदिम जाति कल्याण विभाग के जिला संयोजक राकेश राठौर का हाल ही में नीमच से तबादला हो चुका है, लेकिन वे अभी तक कार्यमुक्त (रिलीव) नहीं हुए थे। सूत्रों के अनुसार तबादले के बाद भी वे नीमच में पदस्थ रहते हुए विभागीय कार्यों का संचालन कर रहे थे। इसी बीच लोकायुक्त उज्जैन की ट्रैप कार्रवाई में वे रिश्वत लेते हुए पकड़े गए।
लोकायुक्त अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा-7 तथा भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
यह पूरी कार्रवाई लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार यादव के मार्गदर्शन में की गई। ट्रैप दल का नेतृत्व डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल ने किया।
उक्त जानकारी द वॉचमैन पोस्ट को लोकायुक्त एस पी आनंद कुमार यादव के द्वारा दी गई