डेस्क न्यूज़
25 June, 2026
अन्य
नीमच। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं चुरहट विधानसभा से सात बार विधायक रहे अजय सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से जुड़े भूमि खरीद प्रकरण को लेकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे किसी भी व्यक्ति द्वारा यदि गलत तरीके से संपत्ति अर्जित की जाती है तो उसके खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई होना चाहिए।
नीमच प्रवास के दौरान गांधी भवन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए अजय सिंह ने कहा कि जमीन खरीदना अपने आप में गलत नहीं है, लेकिन यदि कोई व्यक्ति अपने पद का दुरुपयोग कर सरकारी योजनाओं का लाभ किसी विशेष भूमि को पहुंचाए और उससे उसकी कीमत बढ़ाकर व्यक्तिगत लाभ प्राप्त करे तो यह गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार इस मुद्दे को उठा रही है और यदि आरोपों में तथ्य हैं तो निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
अजय सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में जवाबदेही सभी के लिए समान है। चाहे वह मंत्री हो, विधायक हो या मुख्यमंत्री, कानून और जांच की प्रक्रिया सभी पर समान रूप से लागू होनी चाहिए।
इस दौरान उन्होंने कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की दिशा में चल रहे अभियान की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें पूरे मध्यप्रदेश में संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी है। इसी उद्देश्य से वे प्रदेश के विभिन्न जिलों का दौरा कर रहे हैं और कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना, पुराने और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को पुनः सक्रिय करना तथा पार्टी से दूर हो चुके समर्पित कांग्रेसजनों को फिर से संगठन से जोड़ना है। ऐसे अनुभवी कार्यकर्ताओं का अनुभव और ऊर्जा संगठन को मजबूती प्रदान करेगी।
अजय सिंह ने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता और मजबूत संगठन के बल पर कांग्रेस आगामी चुनावों में मजबूती से मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में चल रहा यह संगठनात्मक अभियान कांग्रेस की चुनावी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसके माध्यम से संगठन विस्तार, जनसंपर्क और कार्यकर्ता संवाद को गति दी जा रही है।
नीमच सहित प्रदेशभर में कांग्रेस का यह अभियान आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी नेतृत्व लगातार संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के प्रयासों में जुटा हुआ है।