ताजासमाचार

44 सप्ताह की कठिन ट्रेनिंग पूरी कर 76 महिला रंगरूट बनीं CRPF की नई ताकत, नीमच में हुआ भव्य दीक्षांत समारोह

डेस्क न्यूज़ 25 June, 2026 अन्य

नीमच। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के नवारक्षी प्रशिक्षण केन्द्र-प्रथम, नीमच में गुरुवार को 76 महिला नवारक्षियों के 44 सप्ताह के बुनियादी प्रशिक्षण पूर्ण होने पर भव्य शपथ ग्रहण एवं दीक्षांत परेड का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रशिक्षित महिला नवारक्षियों ने राष्ट्र की सुरक्षा, एकता और अखंडता की रक्षा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की शपथ ली।

समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस उप महानिरीक्षक एवं प्राचार्य, रंगरूट प्रशिक्षण केन्द्र सीआरपीएफ नीमच प्रमोद कुमार सिंह रहे। उन्होंने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। परेड का नेतृत्व निरीक्षक (जीडी) नीतेश कुमार ने किया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, परिवारजनों और बच्चों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच महिला नवारक्षियों का उत्साहवर्धन किया।

दीक्षांत परेड में कुल चार कंटिनजेंट शामिल हुए। परेड के दौरान महिला रंगरूटों का अनुशासन, आत्मविश्वास, समर्पण और शानदार टर्न-आउट आकर्षण का केंद्र रहा। शपथ ग्रहण समारोह में सभी नवारक्षियों ने देश सेवा को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत में कमांडेंट छोटन ठाकुर ने मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान महिला नवारक्षियों द्वारा किए गए कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

परेड के बाद मुख्य अतिथि प्रमोद कुमार सिंह ने प्रशिक्षण के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला नवारक्षियों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सीआरपीएफ देश की सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा बलों में से एक है और इसमें महिला जवानों की भूमिका लगातार मजबूत और प्रभावशाली होती जा रही है। उन्होंने सभी नवनियुक्त महिला जवानों से ईमानदारी, साहस, अनुशासन और समर्पण के साथ राष्ट्र सेवा में योगदान देने का आह्वान किया।

समारोह में प्रथम वाहिनी के कमांडेंट विजय कुमार, 4 सिग्नल बटालियन के कमांडेंट हरबिंदर सिंह, उप कमांडेंट पवन कुमार गौतम, सहायक कमांडेंट कुलदीप यादव, बिजेन्द्र कुमार दास, राम गोपाल, सूबेदार मेजर (निरीक्षक/जीडी) सुनील कुमार सहित सीआरपीएफ के अधिकारी, कर्मचारी, परिवारजन एवं बड़ी संख्या में अतिथि उपस्थित रहे।

दीक्षांत परेड के साथ ही 76 महिला नवारक्षियों ने सीआरपीएफ परिवार का हिस्सा बनकर देश सेवा के नए सफर की शुरुआत की।

Related Post