डेस्क न्यूज़
25 June, 2026
अन्य
नीमच। मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) मध्यप्रदेश ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 40 टन से अधिक मादक पदार्थों एवं मनःप्रभावी औषधियों का रिकॉर्ड स्तर पर विनष्टीकरण किया है। यह कार्रवाई 24 जून 2026 को नयागांव स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री में उच्च स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति की निगरानी में की गई। इसे मध्यप्रदेश इकाई द्वारा अब तक के सबसे बड़े मादक पदार्थ विनष्टीकरण अभियानों में से एक माना जा रहा है।
सीबीएन द्वारा 29 विभिन्न प्रकरणों में जब्त किए गए मादक पदार्थों को एनडीपीएस अधिनियम 1985 के तहत निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों के अनुरूप पर्यावरणीय रूप से सुरक्षित तरीके से नष्ट किया गया। इस दौरान मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
विनष्ट किए गए मादक पदार्थों में 21 हजार 521 किलो 150 ग्राम पोस्ता भूसा, 8 हजार 555 किलो अफीम ब्लैक सीड्स, 15 किलो हेरोइन, 44 किलो 755 ग्राम मेफेड्रोन, 352 ग्राम ब्राउन शुगर तथा 631 ग्राम अल्प्राजोलम पाउडर शामिल है। इसके अलावा बड़ी मात्रा में नशीली दवाइयों का भी विनष्टीकरण किया गया।
कार्रवाई के दौरान 67 हजार 346 बोतल कोडीन फॉस्फेट सिरप, 720 बॉक्स अन्य एनडीपीएस दवाइयां, 1 लाख 39 हजार 260 ट्रामाडोल टैबलेट, 1 लाख 4 हजार 495 पेंटाजोसिन इंजेक्शन, 1 लाख 47 हजार 95 बुप्रेनॉर्फिन एम्प्यूल्स, 1 लाख 95 हजार 380 लोराजेपाम टैबलेट, 1 लाख 83 हजार 200 क्लोनाजेपाम टैबलेट तथा 1 लाख 61 हजार 800 अल्प्राजोलम टैबलेट नष्ट की गईं। इसके अतिरिक्त नाइट्राजेपाम, डायजेपाम, केटामाइन, मिडाजोलम और जोल्पिडेम जैसी विभिन्न मनःप्रभावी औषधियों का भी सुरक्षित विनष्टीकरण किया गया।
सीबीएन ने बताया कि 8 प्रकरणों में जब्त कुल 37.649 किलोग्राम अफीम को नष्ट नहीं किया गया है। इसे प्रचलित नियमों के अनुसार गवर्नमेंट ओपियम एंड अल्कलॉइड वर्क्स (GOAW) नीमच में जमा कराया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार जब्त मादक पदार्थों का समयबद्ध विनष्टीकरण इन पदार्थों के पुनः दुरुपयोग की संभावना को समाप्त करता है तथा समाज को नशे की बुराइयों से मुक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने दोहराया कि मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध व्यापार के विरुद्ध उसकी कार्रवाई निरंतर, कठोर एवं शून्य सहिष्णुता की नीति पर आधारित है।
सीबीएन ने कहा कि ‘नशा मुक्त भारत’ के संकल्प को साकार करने तथा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध व्यापार और दुरुपयोग के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।