ताजासमाचार

सीएम डॉ. मोहन यादव पर लगे आरोपों को बीजेपी ने बताया निराधार, कहा- कांग्रेस के षड्यंत्र को जनता नहीं करेगी माफ

डेस्क न्यूज़ 24 June, 2026 अन्य

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर लगाए गए जमीन संबंधी आरोपों को लेकर मध्यप्रदेश की राजनीति गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार और तथ्यहीन बताते हुए खारिज कर दिया है। भाजपा का कहना है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उनके परिवार का किसी भी अवैध जमीन सौदे से कोई संबंध नहीं है तथा कांग्रेस जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बुधवार को मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर लगाए गए आरोप पूरी तरह गलत हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता जनता को गुमराह करने और भ्रम की स्थिति पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि आरोपों में किसी भी प्रकार की सच्चाई नहीं है।

खंडेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्ष 2023 में जो चुनावी नामांकन दाखिल किया था, उसके अनुसार उनके नाम पर 17 एकड़ भूमि दर्ज थी और वर्ष 2026 तक भी इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है। इसी प्रकार उनकी पत्नी सीमा यादव के नाम पर दर्ज 12.29 एकड़ भूमि में भी कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जिन तथ्यों को आधार बनाकर आरोप लगा रही है, वे वास्तविक रिकॉर्ड से मेल नहीं खाते।

प्रदेश अध्यक्ष ने सिद्धि विनायक कंपनी का भी उल्लेख किया, जिसका नाम कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों में सामने आया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में कंपनी के पास 68 एकड़ भूमि थी, जो वर्तमान में घटकर लगभग 65 एकड़ रह गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्ष 2017 में ही इस कंपनी के डायरेक्टर पद से इस्तीफा दे चुके थे और उसके बाद कंपनी के संचालन से उनका कोई संबंध नहीं रहा।

हेमंत खंडेलवाल ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के पुत्र वैभव यादव के पास वर्ष 2023 से पहले जो 16 एकड़ भूमि थी, उसमें मुख्यमंत्री बनने के बाद कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि परिवार की अधिकांश भूमि मास्टर प्लान लागू होने से पहले की है। वहीं मुख्यमंत्री की बहू शालिनी यादव द्वारा खरीदी गई 10 एकड़ कृषि भूमि भी मास्टर प्लान क्षेत्र के बाहर स्थित है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस द्वारा जिन रिश्तेदारों के नाम लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, उनका मुख्यमंत्री और उनके परिवार से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है। सभी लोगों का स्वतंत्र अस्तित्व है और वे अपने निजी निर्णयों के लिए स्वयं जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि रिश्तेदारों को लेकर भी कांग्रेस ने गलत तथ्य प्रस्तुत किए हैं और संबंधित लोग स्वयं इस पर अपना पक्ष रखेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने कांग्रेस पर राजनीतिक षड्यंत्र रचने का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश के विकास, किसानों के हित, निवेश और उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। विकास कार्यों के कारण कांग्रेस राजनीतिक रूप से उन्हें घेर नहीं पा रही है, इसलिए इस प्रकार के आरोप लगाकर उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा पिछड़े वर्ग के नेतृत्व को कमजोर करने का प्रयास करती रही है। चाहे उमा भारती हों, शिवराज सिंह चौहान हों या वर्तमान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, कांग्रेस ने हर बार पिछड़े वर्ग से आने वाले नेतृत्व के खिलाफ षड्यंत्र करने का काम किया है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता कांग्रेस की इस राजनीति को समझती है और ऐसे आरोपों को स्वीकार नहीं करेगी।

भाजपा ने स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के खिलाफ लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं और पार्टी पूरी मजबूती के साथ उनका खंडन करती है। वहीं कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों को लेकर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी का दौर तेज हो गया है और आने वाले दिनों में यह मुद्दा और अधिक गरमा सकता है।

Related Post