ताजासमाचार

फायर सेफ्टी पर सख्त हुआ प्रशासन : जारोली टावर और पटेल प्लाजा का किया औचक निरीक्षण

डेस्क न्यूज़ 25 June, 2026 अन्य

नीमच। देश के विभिन्न हिस्सों में कोचिंग सेंटरों और बहुमंजिला इमारतों में आगजनी की घटनाओं के बाद जिला प्रशासन फायर सेफ्टी को लेकर सतर्क हो गया है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में बुधवार को प्रशासनिक टीम ने शहर के प्रमुख व्यावसायिक परिसरों जारोली टावर और पटेल प्लाजा का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम पराग जैन, यातायात थाना प्रभारी सोनू बडगूजर तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने जामा मस्जिद के सामने स्थित जारोली टावर और पटेल प्लाजा पहुंचकर फायर सेफ्टी इंतजामों की जांच की।

जारोली टावर में टीम ने बेसमेंट में पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने, कोचिंग सेंटर में अग्निशमन यंत्र स्थापित करने तथा प्रवेश और निकासी द्वार अलग-अलग रखने के निर्देश दिए। वहीं पटेल प्लाजा में संचालित नए गेम जोन में भी अग्निशमन यंत्र लगाने और प्रवेश-निकासी की पृथक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने बताया कि निरीक्षण के दौरान तहसीलदार संजय मालवीय सहित नगर पालिका का अमला भी मौजूद रहा। प्रशासनिक टीम ने सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को फायर सेफ्टी मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Related Post