ताजासमाचार

सड़क हादसे के हर पीड़ित को मिलेगा PM राहत योजना का लाभ, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने दिए सख्त निर्देश

डेस्क न्यूज़ 25 June, 2026 अन्य

नीमच। सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने वाले प्रत्येक पीड़ित को प्रधानमंत्री राहत योजना का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने दिए हैं। बुधवार को आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में उन्होंने कहा कि दुर्घटना पीड़ित के अस्पताल में भर्ती होते ही उसका ऑनलाइन प्रकरण तैयार कर योजना के तहत त्वरित उपचार सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले के सभी अस्पतालों में सड़क दुर्घटना पीड़ितों को प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाए, ताकि समय पर इलाज मिलने से उनकी जान बचाई जा सके। बैठक में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश, समिति सदस्य, विभिन्न निर्माण विभागों के कार्यपालन यंत्री तथा जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में यातायात थाना प्रभारी सोनू बडगुर्जर ने जनवरी से जून 2026 तक सड़क सुरक्षा को लेकर की गई कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से ब्लैक फिल्म लगे 426 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 2 लाख 13 हजार रुपए का शमन शुल्क वसूला है। वहीं ओवरस्पीड, ओवरलोड, बिना फिटनेस और मोटर व्हीकल एक्ट के उल्लंघन के मामलों में कार्रवाई कर 83 हजार रुपए का शमन शुल्क वसूला गया।

कलेक्टर ने यात्री वाहन संचालकों की बैठक आयोजित कर वाहन चालकों का नेत्र परीक्षण, चरित्र सत्यापन और पुलिस वेरिफिकेशन करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में मद्यपान कर वाहन चलाने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और निजी यात्री वाहन संचालकों को इसके लिए पाबंद किया जाए।

बैठक में स्कूल और यात्री वाहनों की फिटनेस, आपातकालीन निकास द्वार, पैनिक बटन तथा सर्वोच्च न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा जीवन संजीवनी अभियान की जानकारी देते हुए आम नागरिकों से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया गया।

कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जिले के सभी ब्लैक स्पॉट्स का तकनीकी परीक्षण कर सड़क सुरक्षा मानकों के अनुसार प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए, ताकि दुर्घटनाओं को कम करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

Related Post