ताजासमाचार

नीमच में युवा मोर्चा की समीक्षा बैठक, राष्ट्रीय अध्यक्ष रोशन मंडलोई ने कार्यकर्ताओं को दिए सक्रियता के मंत्र

डेस्क न्यूज़ 25 June, 2026 अन्य

नीमच। मिशन न्यू इंडिया युवा मोर्चा की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक बुधवार को नीमच-मनासा रोड स्थित माता शबरी आश्रम में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों, सदस्यता अभियान और चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम मिशन न्यू इंडिया युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोशन मंडलोई के मार्गदर्शन एवं प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर जायसवार के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

बैठक की शुरुआत भारत माता के जयघोष के साथ हुई। इस अवसर पर पहली बार नीमच पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष रोशन मंडलोई का संगठन पदाधिकारियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा पुष्पमाला और गमछा पहनाकर भव्य स्वागत किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष रोशन मंडलोई ने कहा कि आगामी चुनावों को देखते हुए संगठन के सभी कार्यकर्ताओं को पूरी सक्रियता और मजबूती के साथ मैदान में उतरना होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, ई-श्रम कार्ड, लाड़ली बहना योजना, वृद्धावस्था पेंशन, किसान सम्मान निधि और आयुष्मान कार्ड जैसी योजनाओं ने आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से सदस्यता अभियान को गति देने और जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया। साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया।

रोशन मंडलोई ने विश्वास व्यक्त किया कि मिशन न्यू इंडिया के कार्यकर्ता पूरे उत्साह, समर्पण और संगठन भावना के साथ आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाएंगे तथा संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम के अंत में उज्जैन संभाग अध्यक्ष भेरूलाल खदेड़ा ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर जायसवार, जिला अध्यक्ष मोहन यादव, मीडिया प्रभारी महेंद्र पोरवाल, जिला उपाध्यक्ष दुर्गाशंकर दशाणा, रोहित माली, दिलीप लालवानी, शंभूप्रसाद शर्मा, विजय चौहान, गब्बर यादव, रोहित नरवाले, पवन भील, दामोदर प्रसाद जोशी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Post