डेस्क न्यूज़
25 June, 2026
अन्य
नीमच। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के केंद्रीय प्रशिक्षण महाविद्यालय (सीटीसी) नीमच में प्रमोशनल कोर्स के लिए आए एक जवान की गुरुवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद सीटीसी परिसर में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक जवान की पहचान श्याम बिहारी पिता परशुराम पांडे (43) निवासी जिला गोंडा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वे सीआरपीएफ में हवलदार पद पर पदस्थ थे और सहायक उप निरीक्षक (जीडी) पद पर पदोन्नति के लिए आयोजित प्रमोशनल कोर्स में शामिल होने 22 जून को सीटीसी नीमच पहुंचे थे।
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे प्रशिक्षण गतिविधियों के बाद श्याम बिहारी ग्राउंड से अपने आवासीय कक्ष की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्हें अचानक चक्कर आया और वे जमीन पर गिर पड़े। घटना की सूचना मिलते ही साथी जवान और अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा तत्काल उन्हें सीआरपीएफ अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय नीमच रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की गई। पोस्टमार्टम के बाद शव सीआरपीएफ अधिकारियों को सौंप दिया गया है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही जवान की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
अचानक हुई इस घटना से सीटीसी नीमच में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे जवानों और अधिकारियों में शोक का माहौल है। वहीं मृतक जवान के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।