ताजासमाचार

हर्कियाखाल बालाजी धाम के मुख्य पुजारी पं. लक्ष्मी नारायण शर्मा का कर्नाटक राजभवन में सम्मान, राज्यपाल ने किया अभिनंदन

डेस्क न्यूज़ 25 June, 2026 अन्य

नीमच। जिला मुख्यालय के समीप स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री हर्कियाखाल बालाजी धाम के मुख्य पुजारी पंडित लक्ष्मी नारायण शर्मा को कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु स्थित राजभवन में सम्मानित किया गया। कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने एक गरिमामय समारोह में उनका अभिनंदन कर शुभकामनाएं प्रदान कीं।

पंडित लक्ष्मी नारायण शर्मा को यह सम्मान धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान, जनकल्याणकारी सेवाओं तथा सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार में निभाई जा रही महत्वपूर्ण भूमिका के लिए प्रदान किया गया। वे लंबे समय से श्री हर्कियाखाल बालाजी धाम के माध्यम से समाज में धार्मिक चेतना, नैतिक मूल्यों और संस्कारों के संवर्धन के लिए सतत कार्य कर रहे हैं।

राज्यपाल द्वारा प्राप्त यह सम्मान न केवल पंडित शर्मा की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि श्री हर्कियाखाल बालाजी धाम से जुड़े हजारों श्रद्धालुओं, भक्तों और क्षेत्रवासियों के लिए भी गर्व का विषय बन गया है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज सेवा, आध्यात्मिक समर्पण और सनातन संस्कृति के प्रति उनकी निष्ठा का सम्मान बताया।

पंडित शर्मा के मार्गदर्शन में मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में समय-समय पर धार्मिक आयोजन, संस्कार शिविर, कथा-प्रवचन और मानव सेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उनके प्रयासों से अनेक सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों को नई दिशा मिली है।

राजभवन में मिला यह सम्मान उनके वर्षों के समर्पण, साधना और सेवा कार्यों की सार्थकता का प्रतीक माना जा रहा है। इस उपलब्धि पर क्षेत्र के श्रद्धालुओं, भक्तजनों और समाजजनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए पंडित लक्ष्मी नारायण शर्मा को शुभकामनाएं एवं बधाई दी है।

Related Post