ताजासमाचार

अल्हेड़ में विकास का महाउत्सव ! 21 जून को 1 करोड़ 8 लाख 75 हजार रुपये के विकास कार्यों का होगा लोकार्पण, विधायक अनिरुद्ध (माधव) मारू करेंगे जनता को समर्पित

डेस्क न्यूज़ 20 June, 2026 अन्य

मनासा। ग्राम पंचायत अल्हेड़ में 21 जून को विकास का नया इतिहास रचा जाएगा। गांव में 1 करोड़ 8 लाख 75 हजार रुपए की लागत से पूर्ण हुए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक अनिरुद्ध (माधव) मारू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर विकास कार्यों को जनता को समर्पित करेंगे। समारोह सायं 6 बजे जैन धर्मशाला, पिपली चौक, अल्हेड़ में आयोजित होगा।

ग्राम पंचायत अल्हेड़ में पिछले कुछ वर्षों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और ग्रामीण विकास को लेकर लगातार कार्य किए गए हैं। इसी क्रम में 37 लाख 75 हजार रुपए की लागत से निर्मित नवीन पंचायत भवन तैयार हो चुका है, जिसका लोकार्पण भी इस अवसर पर किया जाएगा। पंचायत भवन के शुरू होने से प्रशासनिक कार्यों में सुगमता आएगी और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, जिला महामंत्री नरेंद्र मालवीय, जिला मंत्री अश्विन सोनी, दीनदयाल मंडल अध्यक्ष कैलाश पुरोहित, जिला पंचायत सदस्य धापूबाई वसीटा एवं जनपद सदस्य सीताबाई कछावा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।

ग्राम पंचायत सरपंच आनंद श्रीवास्तव ने बताया कि विधायक अनिरुद्ध मारू के सहयोग से ग्राम में विकास कार्यों को नई गति मिली है। पंचायत भवन के अलावा गांव की अधिकांश गलियों और मोहल्लों में सीसी रोड निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिली है। समारोह के दौरान लगभग 12 लाख रुपए की लागत से निर्मित चार नवीन सीसी रोडों का भी लोकार्पण किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि विधायक मारू के प्रयासों से ग्राम में धार्मिक, सामाजिक और आधारभूत संरचना से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य पूर्ण हुए हैं। मांगलिक भवन, डोम निर्माण, धर्मशाला, गार्डन, खेल मैदान और सड़क निर्माण जैसे कार्य ग्रामीणों के लिए नई सुविधाएं लेकर आए हैं।

ग्राम पंचायत का मानना है कि 21 जून का दिन अल्हेड़ के लिए ऐतिहासिक साबित होगा, क्योंकि एक ही मंच से एक करोड़ रुपए से अधिक लागत के विकास कार्य जनता को समर्पित किए जाएंगे। यह आयोजन ग्रामीण विकास, जनभागीदारी और जनप्रतिनिधियों के सहयोग का एक महत्वपूर्ण उदाहरण बनेगा।

इन विकास कार्यों का होगा लोकार्पण
पंचायत भवन निर्माण – 37.75 लाख रुपए
सांस्कृतिक (मांगलिक) भवन निर्माण – 10 लाख रुपए
आईजी माता मंदिर पर डोम निर्माण – 15 लाख रुपए
पिपली चौक उपासरा पर डोम निर्माण – 10 लाख रुपए
धनगर समाज धर्मशाला निर्माण – 10 लाख रुपए
गार्डन निर्माण – 10 लाख रुपए
चार सीसी रोड निर्माण – 12 लाख रुपए
खेल मैदान निर्माण – 4 लाख रुपए

Related Post