ताजासमाचार

ईदगाह नीमच में सुन्नतों भरा अज़ीमुश्शान इज्तिमा सम्पन्न, सैकड़ों आशिकान-ए-रसूल ने की शिरकत

डेस्क न्यूज़ 20 June, 2026 अन्य

नीमच। दावत-ए-इस्लामी इंडिया के ज़ेरे-एहतिमाम ईदगाह नीमच में एक अज़ीमुश्शान सुन्नतों भरा इज्तिमा बड़े ही खुशनुमा, पुरअमन और रूहानी माहौल में सम्पन्न हुआ। नमाज़-ए-इशा के बाद शुरू हुए इस कार्यक्रम में जिले भर से सैकड़ों आशिकान-ए-रसूल ने शिरकत कर दीन की बातें सुनीं और अपने ईमान को ताज़गी बख्शी।

इज्तिमा में ख़ुसूसी मेहमान जनाब अमजद अत्तारी साहब ने अपने पुरअसर बयान में हुज़ूर-ए-अकरम हज़रत मुहम्मद मुस्तफा ﷺ और उनके नवासों हज़रत इमाम हसन अलैहिस्सलाम व हज़रत इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम की मुहब्बत, सीरत और कुर्बानियों पर रोशनी डाली। उन्होंने उम्मत को उनकी तालीमात पर अमल करते हुए दीन और इंसानियत की राह पर चलने की नसीहत दी।

कार्यक्रम का आगाज़ शहर काज़ी नीमच सद्दाम हुसैन अत्तारी ने तिलावत-ए-कुरआन-ए-पाक से किया। वहीं मेहमानों का इस्तकबाल दावत-ए-इस्लामी जिला कमेटी के सदर सलीम खान और उनके साथियों ने किया। कार्यक्रम का संचालन आरिफ अत्तारी ने किया।

इज्तिमा का लाइव टेलीकास्ट भी किया गया, जिससे दूर-दराज़ क्षेत्रों के लोगों ने भी इस रूहानी महफ़िल का फ़ैज़ हासिल किया। कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता इसका अनुशासित और सादगीपूर्ण आयोजन रहा। पूरे आयोजन के दौरान अमन-ओ-सुकून का माहौल बना रहा और कहीं भी अव्यवस्था देखने को नहीं मिली।

शिरकत करने वाले लोगों ने इस आयोजन को नीमच के मुस्लिम समाज के लिए एक यादगार और मिसाली इज्तिमा बताया, जो लंबे समय तक लोगों की यादों में महफूज़ रहेगा।

Related Post