डेस्क न्यूज़
20 June, 2026
अन्य
नीमच। शहर में बढ़ते अतिक्रमण और उससे उत्पन्न हो रही यातायात एवं सुरक्षा संबंधी समस्याओं को देखते हुए नगर पालिका ने शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। नगर पालिका की टीम ने डाक बंगला क्षेत्र, इंदिरानगर और भगवानपुर मुख्य मार्ग स्थित बड़े नालों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया।
जानकारी के अनुसार इन क्षेत्रों में लंबे समय से नालों के ऊपर फूल विक्रेताओं, चाट-फुल्की, पतासे, फल एवं सब्जी विक्रेताओं द्वारा ठेले और गुमटियां लगाकर व्यवसाय किया जा रहा था। इससे नालों की उपयोगिता प्रभावित होने के साथ-साथ राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बढ़ रहा था। इस संबंध में नगर पालिका को लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं।
सीएमओ दुर्गा बामनिया के निर्देश पर नगर पालिका अधिकारी टेकचंद बुनकर, महावीर जैन, हेमंत सिसोदिया, हेमंत कलोसिया सहित नगर पालिका का अमला मौके पर पहुंचा। कार्रवाई के दौरान पहले अतिक्रमणकारियों को समझाइश देकर सामान हटाने के निर्देश दिए गए। इसके बाद नगर पालिका टीम ने एक गुमटी, सिंटेक्स टंकी और सड़क किनारे लगाए गए होर्डिंग जब्त किए।
नगर पालिका अधिकारी टेकचंद बुनकर ने बताया कि नालों पर अतिक्रमण की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। अतिक्रमण के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई थी, इसलिए यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और सार्वजनिक स्थानों व नालों पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।