डेस्क न्यूज़
20 June, 2026
अन्य
नीमच। शहर के स्कीम नंबर-9 क्षेत्र में शनिवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब 18 वर्षीय छात्र ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की खबर मिलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई, वहीं परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान पीयूष शर्मा पिता अमर शर्मा (18 वर्ष) निवासी स्कीम नंबर-9 के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पीयूष ने इसी वर्ष कार्मल कॉन्वेंट स्कूल से 12वीं कक्षा उत्तीर्ण की थी। वह अपने पिता का इकलौता पुत्र था।
परिजनों को जब घटना की जानकारी मिली तो तत्काल उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना दोपहर करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पीयूष एक प्रतिष्ठित मोटर बॉडी व्यवसायी परिवार से जुड़ा हुआ था। उसकी अचानक मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक और स्तब्धता का माहौल है। आत्महत्या के पीछे क्या कारण रहे, इसका फिलहाल कोई स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। इकलौते बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।