डेस्क न्यूज़
19 June, 2026
अन्य
नीमच/निंबाहेड़ा। निंबाहेड़ा कोतवाली थाना पुलिस ने बाइक चोरी की बढ़ती घटनाओं पर बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपी नीमच जिले के निवासी निकले हैं, जिससे पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है।
निंबाहेड़ा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी निंबाहेड़ा क्षेत्र में बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देकर उन्हें नीमच जिले में ही खपाने (बेचने) का काम करते थे।
एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि दुपहिया वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम में एएसआई अम्बालाल, हेड कॉन्स्टेबल हरविंदर सिंह, कॉन्स्टेबल रणजीत, हेमंत, रामचंद्र और विजयसिंह शामिल थे।
टीम ने लगातार कई दिनों तक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सूचनाएं एकत्रित कर जांच को आगे बढ़ाया। इसी आधार पर मुख्य आरोपी नंदकिशोर जाटव उर्फ बल्लू (22) निवासी जावद, जिला नीमच को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में उसने निंबाहेड़ा क्षेत्र में कई जगहों पर बाइक के लॉक तोड़कर चोरी की वारदातों को स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की बाइक खरीदने वाले दूसरे आरोपी शुभम तेली (18), निवासी जावद, जिला नीमच को भी गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में यह साफ हुआ है कि चोरी की गई बाइकों को नीमच जिले में ही खपाया जा रहा था, जिससे इस पूरे नेटवर्क में स्थानीय कनेक्शन सामने आया है। दोनों आरोपियों से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है ताकि अन्य वारदातों और नेटवर्क में शामिल लोगों का भी खुलासा किया जा सके।