डेस्क न्यूज़
19 June, 2026
अन्य
नहरों से अतिक्रमण हटेगा, नया स्वास्थ्य केंद्र सात दिन में होगा शुरू, पशु चिकित्सा शिविर भी लगेगा
नीमच। 'प्रशासन आपके द्वार' अभियान के तहत कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने मनासा क्षेत्र के ग्राम कंजार्डा में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर एवं रात्रि चौपाल में ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकांश समस्याओं के निराकरण के लिए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
ग्रामीणों द्वारा स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग उठाए जाने पर कलेक्टर ने कंजार्डा में नवनिर्मित स्वास्थ्य केंद्र भवन में सात दिवस के भीतर स्वास्थ्य केंद्र शिफ्ट करने के निर्देश दिए। वहीं चंबलेश्वर क्षेत्र की सिंचाई नहरों की खराब स्थिति को लेकर जल संसाधन विभाग को दो दिन के भीतर निरीक्षण कर मरम्मत कार्य प्रारंभ करने तथा नहरों पर हुए अतिक्रमण तत्काल हटाने के निर्देश दिए। विभागीय अधिकारियों ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कंजार्डा चौकड़ी मार्ग पर यातायात बाधित होने की शिकायत पर कलेक्टर ने ग्राम पंचायत और तहसीलदार को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिया निर्माण की मांग पर लोक निर्माण विभाग को उपयोगिता परीक्षण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के लिए कहा गया।
पशुपालकों की मांग पर आगामी सोमवार को ग्राम में विशेष पशु चिकित्सा शिविर आयोजित करने के निर्देश उपसंचालक पशुपालन को दिए गए। वहीं छोटे किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए सोसाइटी सदस्यता शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि पात्र किसान सदस्यता प्राप्त कर उर्वरक का लाभ ले सकें।
स्वामित्व योजना के तहत छूटे हुए पात्र हितग्राहियों को आवासीय पट्टे प्राप्त करने के लिए नियमानुसार कलेक्टर न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत करने की सलाह दी गई।
लाड़ली लक्ष्मी बेटियों और माताओं को वितरित किए लाभ पत्र
रात्रि चौपाल के दौरान कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ भी वितरित किए। उन्होंने दो लाड़ली लक्ष्मी बेटियों को लाभ पत्र, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत चार माताओं को लाभ पत्र तथा कुपोषण मुक्ति अभियान के तहत कम वजन वाले चार बच्चों को न्यूट्री बास्केट प्रदान किए।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, वनमंडलाधिकारी एस.के. अटोदे, एडीएम बी.एस. कलेश, एसडीएम किरण आंजना, डिप्टी कलेक्टर चंद्र सिंह धारवे, जनपद सीईओ आरिफ खान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में सरपंच भूरालाल मालवीय ने कलेक्टर एवं अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं साफा पहनाकर स्वागत किया। चौपाल में क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।