ताजासमाचार

नीमच के युवाओं ने बढ़ाया जिले का मान, अग्निवीर और आरपीएफ में चयनित युवाओं का भव्य सम्मान

डेस्क न्यूज़ 19 June, 2026 अन्य

नीमच। देश सेवा का सपना पूरा कर नीमच जिले का नाम रोशन करने वाले नवचयनित अग्निवीरों और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) में चयनित युवतियों के सम्मान में शुक्रवार को शहर में भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पूरे शहर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम की शुरुआत शहीद पार्क से निकाली गई विशाल वाहन रैली से हुई। तिरंगा लहराते और भारत माता के जयकारे लगाते हुए युवा, पूर्व सैनिक, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक रैली में शामिल हुए। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए मेसी शोरूम पहुंची, जहां चयनित युवाओं का पुष्पमालाओं, सम्मान-पत्रों और स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया।

मुख्य अतिथि नीमच विधायक ने चयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि कठिन मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर जिले के युवाओं ने यह साबित कर दिया है कि कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। उन्होंने कहा कि अग्निवीर और आरपीएफ में चयनित ये युवा न केवल नीमच बल्कि पूरे मध्यप्रदेश और देश का गौरव हैं।

कार्यक्रम में मौजूद पूर्व सैनिकों ने भी नवचयनित युवाओं का सम्मान किया और अपने सैन्य जीवन के अनुभव साझा करते हुए राष्ट्र सेवा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए हमेशा समर्पित रहने का आह्वान किया।

जानकारी के अनुसार इस वर्ष नीमच जिले से 91 युवाओं का चयन अग्निवीर योजना के अंतर्गत हुआ है। इनमें से करीब 40 नवचयनित अग्निवीरों और आरपीएफ में चयनित युवतियों का सार्वजनिक सम्मान किया गया।

सम्मानित युवाओं ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित कोचिंग, कठोर शारीरिक प्रशिक्षण, अनुशासित दिनचर्या और निरंतर मेहनत को दिया। खास बात यह रही कि चयनित अधिकांश युवा ग्रामीण क्षेत्रों से हैं, जिन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत और मजबूत इरादों के दम पर सफलता हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ

Related Post