हबीब राही
19 June, 2026
अन्य
जावद। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जावद स्थित मोचियान मस्जिद के पीछे दरगाह हजरत गुंदी वाले सरकार के आस्ताने पर जिक्र-ए-इमाम हुसैन एवं परचम कुशाई का आयोजन श्रद्धा और अकीदत के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए और अमन-चैन एवं खुशहाली की दुआएं की गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार को नमाज-ए-जौहर के बाद परचम-ए-इमाम हुसैन की शोभायात्रा गुंदी वाले सरकार के आस्ताने से बड़े ही शानो-शौकत के साथ निकाली गई। यह परचम यात्रा आदर्श मोहल्ला, पोस्ट ऑफिस, नीमच दरवाजा एवं शास्त्री मार्केट सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः आस्ताने पर पहुंची।
इस दौरान दरगाह हजरत गुंदी वाले सरकार के आस्ताना-ए-औलिया पर चादर एवं अलम पेश किए गए तथा देश में अमन, भाईचारे और खुशहाली के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं।
कार्यक्रम में बतौर विशेष अतिथि शहर काजी सैय्यद आदिल रज़ा कादरी, हाफिज समीर एवं कारी उस्मान शामिल हुए। मस्जिद मोचियान दरगाह कमेटी द्वारा अतिथियों का फूलमाला एवं साफा पहनाकर स्वागत किया गया।
आयोजन में हाफिज तालिब कादरी, शाबुद्दीन रहमानी, हाजी अनवर रहमानी, उस्मान रहमानी, अकरम मेवाफरोश, टीपू रहमानी, रईस रहमानी, इमरान रहमानी, अकील रंगरेज, एजाज रहमानी, भय्यू रहमानी, आशिक हुसैन रहमानी, इलू मेवाफरोश, अमजद रहमानी, जाकिर रहमानी सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी हबीब राही द्वारा प्रदान की गई।