डेस्क न्यूज़
19 June, 2026
अन्य
नीमच/जावद। नीमच जिले के जावद थाना क्षेत्र अंतर्गत बावल-चोकानखेड़ा मार्ग पर शुक्रवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद घायल युवक करीब आधे घंटे तक सड़क पर तड़पता रहा, लेकिन उसे समय पर सहायता नहीं मिल सकी। बाद में अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक अंकुर पिता विनोद गर्ग निवासी चौकन्ना बालाजी के पीछे, नीमच का रहने वाला था। वह सेनेटरी व्यवसाय से जुड़ा हुआ था और काम के सिलसिले में जावद क्षेत्र में गया हुआ था। लौटते समय बावल-चोकानखेड़ा मार्ग पर एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि अंकुर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद वह लंबे समय तक मौके पर ही पड़ा रहा, लेकिन न तो तत्काल कोई मदद पहुंची और न ही समय पर एम्बुलेंस उपलब्ध हो सकी। करीब आधे घंटे बाद एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को जावद शासकीय अस्पताल ले जाया गया।
जावद अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला चिकित्सालय नीमच रेफर कर दिया। यहां डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
अंकुर गर्ग की मौत की खबर मिलते ही जिला चिकित्सालय में परिजनों, मित्रों और परिचितों की बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई। अस्पताल परिसर में शोक और गम का माहौल देखने को मिला।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं जावद थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है।