डेस्क न्यूज़
19 June, 2026
अन्य
मंदसौर, नीमच और जावरा में तीन बड़ी कार्रवाइयों से तस्करी नेटवर्क में हड़कंप, करोड़ों का मादक पदार्थ पकड़ा गया
नीमच \ मंदसौर \ जावरा | मध्यप्रदेश और राजस्थान में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) ने दो दिनों में ऐसी ताबड़तोड़ कार्रवाई की है, जिससे तस्करी नेटवर्क में हड़कंप मच गया है। 16 और 17 जून को की गई तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में CBN ने 2.92 टन से अधिक अवैध डोडाचूरा, अफीम और चार वाहन जब्त किए हैं। इस दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है।
मंदसौर-जावरा रोड पर ट्रक से मिला 1088 किलो डोडाचूरा
पहली कार्रवाई मंदसौर-जावरा मार्ग पर की गई, जहां सीबीएन की टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर एक टाटा ट्रक और उसके आगे चल रही मारुति एस-क्रॉस कार को रोका। जांच में खुलासा हुआ कि कार ट्रक के लिए पायलट वाहन का काम कर रही थी।
ट्रक चालक अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला, लेकिन कार में सवार दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। ट्रक की तलाशी लेने पर चूने के 510 कट्टों के नीचे छिपाकर रखे गए 55 बैगों से 1088.640 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। कार्रवाई में ट्रक, कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
नीमच की कार्रवाई में 1619 किलो डोडाचूरा और अफीम बरामद
दूसरी और सबसे बड़ी कार्रवाई सीबीएन नीमच-1 खंड ने चित्तौड़गढ़-उदयपुर हाईवे स्थित नारायणपुरा टोल प्लाजा पर की। अधिकारियों ने एक संदिग्ध टाटा डंपर को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने सरकारी वाहन को टक्कर मारकर भागने की कोशिश की।
हालांकि सीबीएन अधिकारियों ने साहसिक कार्रवाई करते हुए डंपर को रोक लिया। तलाशी के दौरान 90 बैगों से 1619.340 किलोग्राम डोडाचूरा और 120 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर डंपर जब्त कर लिया गया। जांच में सामने आया है कि खेप राजस्थान के मारवाड़ क्षेत्र की ओर भेजी जा रही थी।
40 किलोमीटर पीछा कर पकड़ी क्रेटा, 212 किलो डोडाचूरा बरामद
तीसरी कार्रवाई डीआरआई और सीबीएन की संयुक्त टीम ने जावरा क्षेत्र में की। सूचना मिलने पर अधिकारियों ने एक संदिग्ध क्रेटा कार का पीछा शुरू किया। तस्करों को पायलट वाहन से भनक लग गई और वे भागने लगे, लेकिन टीम ने करीब 40 किलोमीटर तक पीछा कर वाहन को रोक लिया।
तलाशी के दौरान कार में विशेष रूप से बनाई गई गुप्त कैविटी और सीटों के नीचे छिपाकर रखा गया 212.600 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
दो दिन में 2.92 टन से ज्यादा मादक पदार्थ जब्त
तीनों कार्रवाइयों में कुल 2920.580 किलोग्राम डोडाचूरा, 120 ग्राम अफीम, एक टाटा ट्रक, एक टाटा डंपर, एक मारुति एस-क्रॉस कार, चार मोबाइल फोन और अन्य सामग्री जब्त की गई है। कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक फरार आरोपी की तलाश जारी है।
सीबीएन अधिकारियों का कहना है कि तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ उसकी कार्रवाई आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगी।