ताजासमाचार

भारत विकास परिषद एवं आईएमए नीमच का संयुक्त स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम 22 जून को

डेस्क न्यूज़ 19 June, 2026 अन्य

नीमच। समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और गंभीर बीमारियों की रोकथाम व समय पर पहचान को लेकर जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद, शाखा नीमच एवं इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) नीमच के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य जागरूकता परिचर्चा का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम सोमवार, 22 जून 2026 को सीएसवी अग्रवाल भवन, गोमाबाई नेत्रालय मार्ग, नीमच में आयोजित होगा।

आईएमए नीमच के अध्यक्ष डॉ. मनीष चमड़िया, सचिव डॉ. आदित्य भंडारी तथा भारत विकास परिषद के मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी, अध्यक्ष पुरुषोत्तम गुप्ता, सचिव सतीश गोयल एवं महिला संयोजिका सुनीता चौधरी ने परिषद परिवार, मातृशक्ति तथा शहर के प्रबुद्ध नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस स्वास्थ्य सत्र का लाभ लेने की अपील की है।

कार्यक्रम को दो विशेष सत्रों में विभाजित किया गया है। प्रथम सत्र महिलाओं के स्वास्थ्य जागरूकता पर केंद्रित रहेगा, जो दोपहर 3:30 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित होगा। इसमें महिलाओं में तेजी से बढ़ रही गंभीर बीमारियों—स्तन कैंसर (Breast Cancer) एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर (Cervical Cancer)—के लक्षण, बचाव, नियमित जांच और समय पर उपचार के महत्व पर वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मनीषा चमड़िया द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा।

द्वितीय सत्र सभी नागरिकों के लिए खुला रहेगा, जो सांय 4:45 बजे से 5:30 बजे तक आयोजित होगा। इस सत्र में विषय विशेषज्ञ डॉ. अशोक जैन द्वारा उच्च रक्तचाप (Hypertension) और मधुमेह (Diabetes) जैसी जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों की रोकथाम, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और समय पर जांच के माध्यम से स्वस्थ जीवन जीने के उपाय बताए जाएंगे। साथ ही डॉ. विपुल गर्ग द्वारा सीपीआर (CPR) तकनीक का लाइव प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें हार्ट अटैक या आपात स्थिति में किसी व्यक्ति की जान बचाने के व्यावहारिक तरीके सिखाए जाएंगे।

भारत विकास परिषद के मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि जागरूकता ही सर्वोत्तम उपचार है। आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली, असंतुलित खानपान और बढ़ते तनाव के कारण कई बीमारियाँ तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में सीपीआर जैसी जीवन रक्षक तकनीक का ज्ञान हर नागरिक के लिए अत्यंत आवश्यक है, जिससे आपात स्थिति में किसी की जान बचाई जा सके।

Related Post