डेस्क न्यूज़
19 June, 2026
अन्य
नीमच। सेवा एवं संस्कार के क्षेत्र में अग्रणी भारत विकास परिषद, मुख्य शाखा नीमच द्वारा आयोजित सात दिवसीय योग शिविर उत्साहपूर्वक जारी है। 15 जून से प्रारंभ हुआ यह शिविर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून तक आईएफके एकेडमी, टीआईटी कॉलोनी के पास बीएसएनएल रोड स्थित परिसर में प्रतिदिन सुबह 6:30 बजे से 8:00 बजे तक आयोजित किया जा रहा है।
योग शिक्षिका रिमझिम मंगल प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं योग क्रियाओं का प्रशिक्षण दे रही हैं। उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित रूप से योग और प्राणायाम करने से शरीर स्वस्थ, सशक्त एवं ऊर्जावान बना रहता है तथा अनेक बीमारियों से बचाव संभव है। उन्होंने सभी लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि व्यक्ति प्रतिदिन अपने स्वास्थ्य के लिए एक घंटा देता है, तो उसका प्रतिफल उसे स्वस्थ जीवन और भरपूर ऊर्जा के रूप में प्राप्त होता है।
शिविर में परिषद के सदस्यों के साथ नगर के अनेक नागरिक भी बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। योग प्रशिक्षण के बाद प्रतिभागियों को प्रतिदिन पौष्टिक जूस एवं अंकुरित आहार का वितरण भी किया जा रहा है, जिससे स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को और बढ़ावा मिल रहा है।
भारत विकास परिषद के इस आयोजन का उद्देश्य समाज में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित करना है। शिविर के समापन अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
यह जानकारी परिषद के मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी एवं प्रकल्प संयोजक राजेश जायसवाल ने प्रदान की।