ताजासमाचार

परमा एकादशी पर बाल हनुमान मंदिर में सजा अलौकिक श्याम दरबार, भजनों पर झूमे श्रद्धालु

डेस्क न्यूज़ 18 June, 2026 अन्य

नीमच। बाल हनुमान मंदिर, बघाना में परमा एकादशी एवं ज्येष्ठ अधिकमास के पावन अवसर पर अलौकिक श्याम दरबार सजाकर भव्य ताली कीर्तन एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्याम भक्तों ने उपस्थित होकर भक्ति रस का आनंद लिया और देर रात तक भजनों की स्वर लहरियों में सराबोर रहे।

कार्यक्रम के दौरान श्याम बाबा की अखंड ज्योत प्रज्वलित की गई तथा भव्य ताली कीर्तन ने पूरे मंदिर परिसर को भक्तिमय वातावरण से ओतप्रोत कर दिया। श्रद्धालुओं ने श्याम बाबा के जयकारों के साथ भक्ति और श्रद्धा का भाव प्रकट किया।

इस अवसर पर विहिप मातृशक्ति जिला सहसंयोजिका श्रीमती उर्वशी रावत शाह, जिला सत्संग सह प्रमुख श्रीमती लक्ष्मी शर्मा तथा जावद के नारायण सोमानी विशेष रूप से उपस्थित रहे। भजन गायक रतन महाराज ने "चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है" सहित अनेक लोकप्रिय भक्तिमय भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिस पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे।

कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने श्याम बाबा की आराधना कर सुख, समृद्धि और मंगलकामना की प्रार्थना की। श्रीमती उर्वशी रावत शाह ने भी श्याम बाबा की जोत के समक्ष ताली कीर्तन में सहभागिता कर भक्ति भाव से कार्यक्रम का आनंद लिया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं को अल्पाहार एवं प्रसादी का वितरण किया गया। पूरे आयोजन ने श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का संदेश देते हुए भक्तों के मन में विशेष उत्साह का संचार किया।

Related Post