डेस्क न्यूज़
18 June, 2026
अन्य
नीमच। कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री मीनाक्षी नटराजन का राज्यसभा चुनाव के लिए दाखिल नामांकन पत्र निरस्त किए जाने के विरोध में बुधवार को नीमच शहर के विजय टॉकीज चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। युवक कांग्रेस, एनएसयूआई और महिला कांग्रेस के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उसका सांकेतिक पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस नेताओं ने नामांकन निरस्त किए जाने के निर्णय को लोकतंत्र एवं संविधान की भावना के विपरीत बताते हुए इसे पक्षपातपूर्ण कार्रवाई करार दिया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में चुनाव आयोग निष्पक्षता के साथ कार्य करने में विफल रहा है। उनका कहना था कि आयोग केंद्र की भाजपा सरकार के दबाव में काम कर रहा है, जिसके कारण संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और इससे निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया पर प्रश्नचिन्ह लगते हैं। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि चुनाव आयोग अपने निर्णय पर पुनर्विचार करे तथा चुनावी प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करे।
विजय टॉकीज चौराहे पर आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर केंद्र सरकार एवं चुनाव आयोग के खिलाफ नारे लगाए। कुछ समय के लिए क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया और बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई।
इस अवसर पर युवक कांग्रेस के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष वैभव अहीर, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष महेश यादव, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशा सांभर, विधानसभा अध्यक्ष अजय कुमार यादव, एनएसयूआई ब्लॉक अध्यक्ष रामपुरा सोमिल सोनी, युवक कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रजत जैन, भानु प्रताप सिंह राठौड़, रविन्द्र सिंह तोमर, संगठन मंत्री ब्रजेश मित्तल, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष ब्रजेश सक्सेना, राकेश अहीर, संजीव पगारिया, हरीश दुआ, बाबू सलीम, महेश वीरवाल, मुकेश कालरा, ओम शर्मा, राकेश सोनगर, भारत सिंह अहीर, मनोहर अंब, सोनू यादव, हिदायत उल्लाह खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।