डेस्क न्यूज़
16 June, 2026
अन्य
नीमच। नीमच के पूर्व विधायक डॉ. सम्पत स्वरूप जाजू ने कहा है कि जल्द ही नीमच और मंदसौर क्षेत्र के यात्रियों को दिल्ली तक तेज और सुविधाजनक रेल यात्रा का लाभ मिल सकता है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि रेल मंत्रालय ने उदयपुर से दिल्ली के बीच वंदे भारत ट्रेन संचालन को स्वीकृति प्रदान कर दी है, जो चंदेरिया (चित्तौड़गढ़) होते हुए संचालित की जाएगी।
डॉ. जाजू ने बताया कि वंदे भारत ट्रेन शुरू होने के बाद उदयपुर से दिल्ली का सफर करीब साढ़े आठ घंटे में पूरा हो सकेगा। संभावना है कि ट्रेन सुबह उदयपुर से रवाना होकर दोपहर तक दिल्ली पहुंचेगी और वापसी में दोपहर बाद दिल्ली से चलकर रात्रि में उदयपुर पहुंचेगी।
उन्होंने कहा कि इस नई सुविधा का लाभ नीमच और मंदसौर क्षेत्र के यात्रियों को भी मिलेगा, लेकिन इसके लिए चंदेरिया स्टेशन तक बेहतर कनेक्टिविटी जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने क्षेत्र के लोकसभा एवं राज्यसभा सांसदों से मांग की है कि मंदसौर-नीमच-चंदेरिया के बीच मेमू शटल ट्रेन सेवा शुरू करवाई जाए।
डॉ. जाजू ने कहा कि चंदेरिया स्टेशन राजस्थान और उत्तर भारत के कई प्रमुख शहरों से रेल मार्ग द्वारा जुड़ा हुआ है तथा भविष्य में यहां और अधिक ट्रेनों का संचालन होने की संभावना है। ऐसे में यदि मंदसौर से चंदेरिया तक नियमित मेमू शटल सेवा शुरू होती है तो क्षेत्र के यात्रियों को दिल्ली सहित देश के कई बड़े शहरों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने सुझाव दिया कि मंदसौर और चंदेरिया के बीच प्रतिदिन कम से कम तीन फेरे मेमू ट्रेन के चलाए जा सकते हैं। उन्होंने याद दिलाया कि ब्रॉडगेज लाइन शुरू होने के बाद सबसे पहले नीमच-चित्तौड़गढ़ रेल सेवा ही प्रारंभ की गई थी।
डॉ. जाजू ने उम्मीद जताई कि क्षेत्र के दोनों सांसद इस मांग को गंभीरता से लेते हुए रेल मंत्री से चर्चा करेंगे और जल्द ही मंदसौर-नीमच-चंदेरिया मेमू शटल सेवा शुरू कराने का प्रयास करेंगे, जिससे हजारों रेल यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा