ताजासमाचार

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर नीमच में प्रदर्शनी और विकसित भारत संकल्प सम्मेलन आयोजित

डेस्क न्यूज़ 16 June, 2026 अन्य

नीमच। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन, विकास, समर्पण और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी जिला नीमच द्वारा रविवार को प्रदर्शनी एवं विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित वृहद प्रदर्शनी का उद्घाटन संभाग प्रभारी सुरेश आर्य, जिला प्रभारी सुभाष पटेल, जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, विधायक दिलीप सिंह परिहार, विधायक ओमप्रकाश सखलेचा एवं विधायक माधव मारू सहित अन्य पदाधिकारियों की उपस्थिति में किया गया। प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और ऐतिहासिक निर्णयों को चित्रों एवं जानकारी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। यह प्रदर्शनी आगामी तीन दिनों तक आमजन के अवलोकन के लिए खुली रहेगी।

शाम 5 बजे आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन के अंतर्गत प्रबुद्धजन सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। स्वागत उद्बोधन जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल ने दिया।

मुख्य वक्ता सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि वर्ष 2014 में देश की जनता ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी को सत्ता सौंपी थी, जिसके बाद देश ने विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत का सम्मान और प्रभाव विश्व स्तर पर लगातार बढ़ रहा है।

सांसद गुप्ता ने कहा कि वन रैंक-वन पेंशन, किसानों के कल्याण, सड़क, ऊर्जा, उद्योग और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में केंद्र सरकार ने उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने बताया कि जहां पहले देश में केवल 6 एम्स थे, वहीं वर्तमान में 23 एम्स संचालित हैं और दो अन्य निर्माणाधीन हैं। लगभग 500 मेडिकल कॉलेजों की स्थापना से स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार हुआ है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों नागरिकों को 5 लाख रुपये तक के नि:शुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा देश की लगभग 70 प्रतिशत गरीब आबादी को नि:शुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। रक्षा क्षेत्र में भारत आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है। रेलवे, सिंचाई, सौर ऊर्जा और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में भी तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम आने वाले वर्षों में दिखाई देंगे।

सम्मेलन में सांसद सुधीर गुप्ता ने प्रबुद्धजनों के सुझाव एवं प्रश्न भी सुने तथा विभिन्न विषयों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, चिकित्सक, अधिवक्ता, उद्योगपति, व्यापारी, पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

सम्मेलन को विधायक ओमप्रकाश सखलेचा, विधायक दिलीप सिंह परिहार एवं विधायक माधव मारू ने भी संबोधित करते हुए केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, जिला पंचायत, जनपद एवं नगर पालिका के जनप्रतिनिधि, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राकेश जैन "पप्पू" ने किया। जानकारी जिला मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी एवं सह मीडिया प्रभारी शुभम शर्मा ने दी।

Related Post