डेस्क न्यूज
08 June, 2026
अपराध
शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप, परिवार ने जताई सुरक्षा की चिंता
नीमच। जिले के जीरन थाना क्षेत्र के ग्राम अमावली जागीर में पारिवारिक विवाद हिंसक रूप ले लेने का मामला सामने आया है। गांव की एक महिला ने अपने जेठ और जेठानी पर मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने तथा लगातार जान से मारने की धमकियां देने का आरोप लगाया है। पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट पीड़िता अब न्याय की उम्मीद लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची है।
पीड़िता गीता बाई मीणा द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए गए आवेदन में बताया गया है कि 5 जून की शाम उनके जेठ शोभाराम मीणा ने कथित रूप से शराब के नशे में उनके साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की। अगले दिन इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया।
महिला का आरोप है कि विवाद के दौरान जेठ-जेठानी ने उनके साथ हाथापाई की और इसी बीच सिर पर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। घायल अवस्था में उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जीरन ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल नीमच रेफर कर दिया।
पीड़िता का कहना है कि घटना की सूचना पुलिस को देने और मेडिकल परीक्षण कराने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं दूसरी ओर आरोपी पक्ष द्वारा लगातार धमकियां दिए जाने से परिवार में भय का माहौल बना हुआ है।
आवेदन में महिला ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने, आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा स्वयं और अपने परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। अब इस मामले में पुलिस प्रशासन के अगले कदम पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।