ताजासमाचार

रात के अंधेरे में ट्रैक्टर चोरी, कंजार्डा पुलिस ने 6 दिन में किया खुलासा; एक गिरफ्तार, एक फरार

डेस्क न्यूज़ 07 June, 2026 अन्य

मनासा/नीमच। जिले की कंजार्डा चौकी पुलिस ने चोरी गए ट्रैक्टर को महज 6 दिनों के भीतर बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 8 लाख रुपये कीमत का ट्रैक्टर बरामद किया है। वहीं वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया एवं एसडीओपी निकिता सिंह के मार्गदर्शन में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार फरियादी का लाल रंग का मेसी फर्गुसन 1035 ट्रैक्टर 27-28 मई 2026 की दरमियानी रात अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए थे। मामले में 1 जून को थाना मनासा में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान मुखबिर तंत्र और साइबर टीम की सहायता से कंजार्डा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अजय पिता गोपाल धाकड़ (21 वर्ष), निवासी चौकड़ी, थाना मनासा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी मनीष पिता गोपाल प्रजापत निवासी बलकुंडी, थाना जावदा, जिला चित्तौड़गढ़ के साथ मिलकर ट्रैक्टर चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर करीब 8 लाख रुपये कीमत का मेसी फर्गुसन 1035 ट्रैक्टर बरामद कर लिया। साथ ही घटना में उपयोग की गई करीब 1.50 लाख रुपये कीमत की एक्सट्रीम मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। इस प्रकार पुलिस ने कुल 9.50 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।

फिलहाल फरार आरोपी मनीष प्रजापत की तलाश जारी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निलेश अवस्थी, उपनिरीक्षक श्याम कुमावत, एएसआई पन्नालाल चौहान, प्रधान आरक्षक प्रदीप शिंदे (जिला साइबर टीम), आरक्षक मोहन, कृष्णपाल एवं ईश्वर सहित कंजार्डा चौकी और साइबर टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Related Post