डेस्क न्यूज़
07 June, 2026
अन्य
नीमच। कृति संस्था द्वारा आयोजित सात दिवसीय चित्रकला प्रशिक्षण शिविर का समापन बच्चों द्वारा तैयार की गई आकर्षक चित्र प्रदर्शनी के साथ हुआ। समापन अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त बच्चों ने सात दिनों में सीखी गई कला का प्रदर्शन करते हुए लगभग 100 चित्रों की प्रदर्शनी लगाई, जिसे उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों और कला प्रेमियों ने खूब सराहा।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि अंचल के ख्यात चित्रकार राहुल लोहार थे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कृति संस्था द्वारा आयोजित चित्रकला प्रतियोगिताओं ने उनकी कला यात्रा को मजबूत आधार प्रदान किया। वर्षों बाद संस्था के बीच आकर वे भावुक और गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने बच्चों द्वारा बनाई गई कलाकृतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां बाल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देती हैं।
विशेष अतिथि जिला प्रेस क्लब नीमच के अध्यक्ष श्याम गुर्जर ने कहा कि कृति संस्था बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने का सराहनीय कार्य कर रही है। संस्था साहित्य, संस्कृति और कला के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहकर समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रही है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता गायत्री शक्तिपीठ द्वारा संचालित प्रज्ञा माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य गिरिराज सिंह चौहान ने की। उन्होंने कहा कि कृति संस्था साहित्य और संस्कृति के विकास एवं संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। संस्था द्वारा चित्रकला प्रशिक्षण शिविर के लिए विद्यालय परिसर का चयन किया जाना विद्यालय परिवार के लिए गौरव की बात है।
संस्था अध्यक्ष ओमप्रकाश चौधरी ने स्वागत उद्बोधन देते हुए बताया कि शिविर में 50 बच्चों ने सात दिनों तक पूरे मनोयोग से प्रशिक्षण प्राप्त किया। बच्चों द्वारा सीखी गई कला का परिणाम आज चित्र प्रदर्शनी के रूप में सभी के सामने है। उन्होंने बताया कि संस्था इस वर्ष चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन करेगी।
शिविर संयोजक भरत जाजू ने शिविर की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि बच्चों को केवल चित्रकला ही नहीं, बल्कि ग्लास पेंटिंग और क्ले आर्ट जैसी आधुनिक कलाओं का भी प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों ने बच्चों को कला के नए आयामों से परिचित कराया, जिससे उनकी रचनात्मक सोच को नई दिशा मिली।
संस्था के वरिष्ठ सदस्य किशोर जेवरिया ने अतिथियों राहुल लोहार और श्याम गुर्जर का परिचय देते हुए कहा कि दोनों ने अपने-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर समाज में विशिष्ट पहचान बनाई है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन-अर्चन से हुआ। अतिथियों एवं प्रशिक्षकों का स्वागत संस्था अध्यक्ष ओमप्रकाश चौधरी, सचिव रघुनंदन पाराशर, शिविर संयोजक भरत जाजू, कोषाध्यक्ष राजेश जायसवाल, कमलेश जायसवाल, रिंकू राठौर, डॉ. मीना हरित एवं सत्येंद्र सक्सेना सहित अन्य पदाधिकारियों ने किया।
कार्यक्रम का संचालन संस्था के पूर्व अध्यक्ष डॉ. अक्षय पुरोहित ने किया। इस अवसर पर प्रशिक्षकों दीपक भट्ट, ज्योतिका अग्रवाल, रचना ओझा एवं अश्मिका का स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। वहीं शिविर में भाग लेने वाले सभी बच्चों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
समारोह में संस्था के सहसचिव श्याम टांकवाल, गणेश खंडेलवाल, प्रकाश भट्ट, सविता चौधरी, बाबूलाल गौड़, मुकेश कासलीवाल, डॉ. माधुरी चौरसिया, डॉ. मीना हरित, श्रीमती साधना सेवक, आशा साम्भर, नीरज पोरवाल, जीवन कौशिक, घनश्याम अम्ब, श्याम थोरेचा, नरेन्द्र पोरवाल, सत्येन्द्र सिंह राठौर, डॉ. पृथ्वीसिंह वर्मा, मनोहरसिंह लोढ़ा, सतीश भटनागर, महेंद्र त्रिवेदी, दर्शनसिंह गांधी, कैलाश बाहेती, दिलीप दुबे, गोवर्धनलाल धनोतिया सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर बच्चों द्वारा बनाई गई रंग-बिरंगी कलाकृतियां आकर्षण का केंद्र रहीं और उपस्थित अतिथियों ने उनकी रचनात्मकता की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।