डेस्क न्यूज़
07 June, 2026
अन्य
नीमच \ जावद | पहले शादी का वादा... फिर लाखों रुपये का लेन-देन... साथ जीने-मरने की कसमें और उसके बाद अचानक दुल्हन गायब। यह किसी फिल्म की कहानी नहीं, बल्कि नीमच जिले के जावद क्षेत्र से सामने आया एक ऐसा मामला है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है और कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस पुरे मामले में जावद थाना क्षेत्र के ग्राम तारापुर निवासी ओमकारलाल माली का आरोप है कि पिपलिया पेमजी निवासी लोकेश मंदारा, शिवनारायण उर्फ सीनू रावत, अरविंद रावत और सूरजमल मीणा ने उन्हें शादी कराने का भरोसा दिलाया। परिवार बसाने की चाह में उन्होंने उनकी बात पर विश्वास किया और कथित तौर पर तीन लाख रुपये भी दे दिए। इसके बाद राजस्थान के छोटी सादड़ी क्षेत्र के भूरा गांव में शादी तय कराई गई।
18 मई को पूरे रीति-रिवाजों के साथ बारात भूरा गांव पहुंची। शादी समारोह संपन्न हुआ, सात फेरे लिए गए और दुल्हन की विदाई भी कर दी गई। सब कुछ बिल्कुल सामान्य दिखाई दे रहा था। परिवार को लग रहा था कि अब उनके घर की खुशियां लौट आई हैं और जिंदगी की नई शुरुआत हो चुकी है।
किन कुछ ही दिनों बाद कहानी ने ऐसा मोड़ लिया, जिसने पूरे परिवार को हैरान कर दिया।
ओमकारलाल के अनुसार 4 जून की रात एक फोन कॉल आया। फोन आने के बाद उनकी पत्नी घर से बाहर निकली, लेकिन फिर वापस नहीं लौटी। रात बीत गई, तलाश शुरू हुई, रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क किया गया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
पीड़ित का आरोप है कि जाते-जाते वह अपने साथ सोने का टीका, मंगलसूत्र, कानों के झुमके, करीब 550 ग्राम चांदी के आभूषण, और 37 हजार रुपये नकद भी ले गई। यानी देखते ही देखते घर से लाखों रुपये के जेवरात और नकदी गायब हो गए।
अब ओमकारलाल का कहना है कि पहले शादी के नाम पर उनसे तीन लाख रुपये लिए गए और फिर कुछ ही दिनों बाद घर से लाखों रुपये का सामान भी गायब हो गया और दुल्हन भी । उन्होंने इस पूरे मामले को सुनियोजित ठगी बताते हुए नामजद लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए जावद थाने में शिकायती आवेदन दिया है ।
इस पूरे मामले में जावद थाना प्रभारी मनोज सिंह जादौन ने बताया कि पीड़ित द्वारा दिए गए शिकायत आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए तथ्यों की पड़ताल कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।