ताजासमाचार

नीमच में ग्रीष्मकालीन धार्मिक संस्कार शिविर का शुभारंभ, 83 बच्चों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग

डेस्क न्यूज़ 07 June, 2026 अन्य

नीमच। सुधर्म जैन संस्कृति रक्षक संघ मालवा शाखा के तत्वावधान में आयोजित ग्रीष्मकालीन धार्मिक संस्कार शिविर का शुभारंभ जैन कॉलोनी स्थित जैन स्थानक भवन सभागार में श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ। यह शिविर 7 जून से 14 जून तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें बच्चों एवं महिलाओं को धार्मिक, सांस्कृतिक और नैतिक मूल्यों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

शिविर का आयोजन दो सत्रों में किया गया है। प्रातः 9 बजे से 11:30 बजे तक बच्चों के लिए तथा दोपहर 1:30 बजे से 4 बजे तक महिलाओं के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। शुभारंभ अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, अभिभावक एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।

श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ के अध्यक्ष मनोहर शम्भूलाल बम्ब ने बताया कि शिविर का उद्देश्य नई पीढ़ी में धार्मिक संस्कार, नैतिक मूल्य और अनुशासन की भावना विकसित करना है। शिविर में जैन धर्म आधारित प्रेरणादायक कहानियां, धार्मिक ज्ञान, संस्कार निर्माण, रचनात्मक गतिविधियां एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

प्रशिक्षण के लिए शुभम नांदेचा (चौमेला, राजस्थान), पूजा चंद्रगोत्रीय (बड़ोद, मध्यप्रदेश) एवं सीमा भाटिया अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को रोचक और प्रभावी तरीके से धार्मिक एवं सांस्कृतिक शिक्षा दी जा रही है।

शिविर के प्रथम दिन 83 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन की व्यवस्थाओं एवं संचालन में सांवरमल कांठेड़, मंजू मेहता, सुरेखा श्रीमाल एवं मंजू दक का विशेष योगदान रहा।

Related Post