डेस्क न्यूज़
07 June, 2026
अन्य
नीमच । कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव के निर्देशन में जिले की 21 नवनियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का "पोषण भी, पढ़ाई भी" थीम पर आयोजित प्रथम चरण का तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम अधिकारी अंकिता पंड्या ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों को अधिक सक्षम बनाना तथा प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ECCE) को मजबूत करना था। प्रशिक्षण के दौरान कार्यकर्ताओं को बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ खेल-खेल में आधुनिक शिक्षा देने के प्रभावी तरीकों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में बच्चों के पोषण स्तर में सुधार, कुपोषण निवारण के आधुनिक उपाय, तथा स्वस्थ विकास के विभिन्न पहलुओं पर विशेष फोकस रखा गया। ECCE पाठ्यक्रम के अंतर्गत खिलौनों, कहानियों और कविताओं के माध्यम से बच्चों को बिना मानसिक दबाव के शिक्षित करने की तकनीकें भी सिखाई गईं।
इसके अलावा "पोषण ट्रैकर" ऐप के प्रभावी उपयोग, डेटा एंट्री, मातृ-शिशु स्वास्थ्य निगरानी तथा गर्भवती महिलाओं और बच्चों को बेहतर परामर्श देने संबंधी व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के समापन पर सभी नवनियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मास्टर ट्रेनर्स एकता प्रेमी, उमा शर्मा एवं इन्दु सोनी उपस्थित रहीं।