ताजासमाचार

14 जून को नीमच में होगा विश्वकर्मा समाज का प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन, 12 राज्यों के प्रतिनिधि होंगे शामिल

डेस्क न्यूज़ 08 June, 2026 अन्य

नीमच। सारथी विश्वकर्मा सेवा कल्याण संगठन भारत के तत्वावधान में 14 जून को नीमच के टाउन हॉल में विश्वकर्मा समाज का भव्य प्रदेश स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण आयोजन में देश के 12 राज्यों से समाज के प्रतिनिधि, राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारी, महिला पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में समाजजन भाग लेंगे।

युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अरविंद मेवाड़ा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य विश्वकर्मा समाज को संगठित कर उसकी सामाजिक, राजनीतिक और संगठनात्मक भागीदारी को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन समाज की एकजुटता, जागरूकता और अधिकारों के प्रति जनचेतना का बड़ा मंच बनेगा।

सम्मेलन के दौरान समाज के प्रदेश अध्यक्ष शंभू प्रसाद विश्वकर्मा विधिवत पदभार ग्रहण करेंगे। वहीं विभिन्न राज्यों से आने वाले प्रतिनिधि समाज के विकास, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक उत्थान और संगठन विस्तार से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा करेंगे।

अरविंद मेवाड़ा ने कहा कि विश्वकर्मा समाज अब केवल वोट बैंक बनकर नहीं रहना चाहता। समाज की जनसंख्या, योगदान और सामाजिक भूमिका के अनुरूप उसे राजनीति और सत्ता में उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। सम्मेलन के माध्यम से यह संदेश राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सम्मेलन की तैयारियां पिछले 15 दिनों से युद्ध स्तर पर चल रही हैं। तैयारियों का जायजा लेने के लिए वे इंदौर से नीमच पहुंचे हैं। आयोजन में लगभग 400 प्रतिनिधियों एवं समाजजनों के शामिल होने की संभावना है। सम्मेलन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियां लगातार कार्य कर रही हैं।

पत्रकार वार्ता में मौजूद समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि मध्यप्रदेश में विश्वकर्मा समाज की आबादी लगभग 45 लाख है। ऐसे में समाज अपने अधिकारों, सम्मान और राजनीतिक हिस्सेदारी को लेकर संगठित रूप से आगे बढ़ रहा है। उनका मानना है कि 14 जून को आयोजित यह प्रदेश स्तरीय सम्मेलन समाज के भविष्य की दिशा तय करने वाला ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण आयोजन सिद्ध होगा।

Related Post