डेस्क न्यूज़
07 June, 2026
अन्य
नीमच | अच्छी बारिश, प्रदेश की खुशहाली और जनकल्याण की कामना को लेकर नीमच में रविवार को आस्था और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला। लखेरा समाज द्वारा भव्य धार्मिक आयोजन के साथ माता रानी का विशाल चल समारोह निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन और श्रद्धालु शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत माता रानी की विशेष पूजा-अर्चना, हवन और भोग अर्पण के साथ हुई। समाजजनों ने प्रदेश में सुख, शांति, समृद्धि और अच्छी वर्षा की कामना करते हुए धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए।
विशेष बात यह रही कि धार्मिक आयोजन के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत पर्यावरण मित्र मंडल द्वारा पौधरोपण किया गया। पर्यावरण मित्र मंडल के अध्यक्ष किशोर बागड़ी के नेतृत्व में लगाए गए पौधों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण बचाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर मंदिर परिसर में नवनिर्मित हॉल का लोकार्पण भी किया गया। समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि यह हॉल सर्व समाज के लोगों के उपयोग के लिए उपलब्ध रहेगा, जिससे सामाजिक और धार्मिक आयोजनों को नई सुविधा मिलेगी।
रमेश बागड़ी ने बताया कि यह आयोजन प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की भावना को समर्पित है। वहीं मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष किशोर चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि देवनारायण महामंडलेश्वर जी की जयंती के उपलक्ष्य में शोभायात्रा निकाली जा रही है तथा चेना माता-कुशला माता मंदिर परिसर में यज्ञ और धार्मिक अनुष्ठान भी आयोजित किए जा रहे हैं।
करीब 40 वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत निकाला गया यह चल समारोह स्कीम नंबर-9 स्थित लखेरा समाज मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरा और पुनः मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुआ। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।