ताजासमाचार

विश्व पर्यावरण दिवस पर सीआरपीएफ नीमच का हरित संकल्प, 300 पौधे लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

डेस्क न्यूज़ 05 June, 2026 अन्य

नीमच। विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ नीमच में पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति संवर्धन को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम "प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए" रही, जिसके तहत व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर बल दिया गया।

कार्यक्रम का नेतृत्व ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ नीमच के कमांडेंट प्रमोद कुमार साहू ने किया। उन्होंने कैंप परिसर में पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया तथा अधिकारियों, जवानों और उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण को वर्तमान समय की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता बताया।

अपने संबोधन में कमांडेंट साहू ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सामाजिक दायित्व नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य के लिए हमारी नैतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि प्रकृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने के साथ लगाए गए पौधों की देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए।

इस अवसर पर अधिकारियों, जवानों, कर्मचारियों एवं परिसर के रहवासियों द्वारा विभिन्न प्रजातियों के कुल 300 पौधे लगाए गए। इनमें नीम, पीपल, आम, इमली, जामुन, बरगद सहित कई स्थानीय प्रजातियों के पौधे शामिल रहे। ये पौधे न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक होंगे, बल्कि क्षेत्र की जैव विविधता को भी समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जागरूकता संदेश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि बढ़ते पर्यावरणीय संकट और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं तथा प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

कमांडेंट साहू ने कहा कि प्रकृति कोई विकल्प नहीं, बल्कि जलवायु संतुलन और मानव जीवन के सुरक्षित भविष्य का आधार है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं जवानों से पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय सहभागिता निभाने तथा हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों, जवानों एवं कर्मचारियों ने अधिकाधिक वृक्षारोपण करने, पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों में नियमित भागीदारी निभाने तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।

विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस अभियान ने न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया, बल्कि यह भी दर्शाया कि सुरक्षा बल समाज और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने में भी अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं।

Related Post