ताजासमाचार

विश्व पर्यावरण दिवस पर बी.आर. फाउंडेशन की अनोखी पहल, पक्षियों की प्यास बुझाने लगाए सकोरे, बांटे पौधे और बीज

डेस्क न्यूज़ 05 June, 2026 अन्य

नीमच । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सामाजिक संस्था बी.आर. फाउंडेशन द्वारा शुक्रवार को पर्यावरण संरक्षण और पक्षी संरक्षण को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। संस्था के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए निःशुल्क सकोरे, पौधे एवं विभिन्न प्रजातियों के फूलों के बीज वितरित किए। इस पहल का उद्देश्य बढ़ते पर्यावरणीय संकट के बीच हरियाली को बढ़ावा देना तथा भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करना रहा।

अभियान के तहत अंबेडकर चौराहे पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां आम नागरिकों को निःशुल्क सकोरे और पौधे वितरित कर अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संदेश दिया गया। संस्था के सदस्यों ने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों, कार्यालयों और आसपास के क्षेत्रों में पौधे लगाकर उनकी देखभाल करें तथा गर्मी के मौसम में पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था भी अवश्य करें।

इस अवसर पर बी.आर. फाउंडेशन की टीम ने शहर के विभिन्न सार्वजनिक एवं प्रशासनिक स्थलों पर पहुंचकर पक्षियों के लिए पानी से भरे सकोरे स्थापित किए। इनमें पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कलेक्टर कार्यालय, सीआरपीएफ कैंपस, केंट थाना, गांधी वाटिका सहित अन्य प्रमुख स्थान शामिल रहे। भीषण गर्मी के बीच पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था किए जाने की इस पहल को लोगों ने सराहा और संस्था के कार्यों की प्रशंसा की।

कार्यक्रम के दौरान संस्था द्वारा विभिन्न प्रजातियों के फूलों एवं पौधों के बीजों का भी वितरण किया गया, ताकि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में हरियाली बढ़े तथा पर्यावरण संतुलन को मजबूती मिल सके। संस्था के पदाधिकारियों ने नागरिकों को जल संरक्षण, वृक्षारोपण, जैव विविधता संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के महत्व की जानकारी देते हुए पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने पर बल दिया।

संस्था के संस्थापक कृष्ण परिहार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिवर्ष एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी ले और पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करे तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कृष्ण परिहार ने बताया कि बी.आर. फाउंडेशन पिछले सात वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और पर्यावरण संरक्षण जैसे विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रही है। संस्था का उद्देश्य समाज में सेवा, संवेदनशीलता और जागरूकता की भावना को मजबूत करना है तथा आने वाले समय में भी ऐसे जनहितैषी अभियान जारी रहेंगे।

कार्यक्रम में संस्था के प्रदेश उपाध्यक्ष एडवोकेट नरेंद्र मालवीय, सुनील जड़ोलिया, प्रदेश महासचिव बलवंत तंवर, जिला अध्यक्ष आयुषी अरोरा, जिला उपाध्यक्ष कमलेश पिछोलिया, महासचिव सुनील सोलंकी, जिला संगठन मंत्री प्रकाश बामनिया, सचिव रेखा चौधरी, तहसील अध्यक्ष अंतिम सेन, संजना घारू, समरथ मालवीय, नितिन धावरी, दीपक अहिरवार सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Post