ताजासमाचार

गोल्ड क्रेस्ट फैक्ट्री निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने उठाए सवाल, प्रबंधन ने कहा- सभी कार्य नियमों के तहत

डेस्क न्यूज़ 05 June, 2026 अन्य

नीमच। जिले में निर्माणाधीन गोल्ड क्रेस्ट फैक्ट्री के निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों और किसानों ने कुछ गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि फैक्ट्री निर्माण के दौरान शासकीय नाले एवं सार्वजनिक जल निकासी मार्ग से जुड़ी भूमि पर हस्तक्षेप किया जा रहा है। वहीं फैक्ट्री प्रबंधन ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा है कि निर्माण से जुड़ा प्रत्येक कार्य आवश्यक अनुमतियों एवं स्वीकृतियों के अनुरूप किया जा रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार फैक्ट्री परिसर से संबंधित निर्माण कार्य के दौरान शासकीय नाला खसरा क्रमांक 665/1 क्षेत्र में खुदाई की गई है तथा वहां विद्युत पोल लगाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। कुछ स्थानों पर खंभे लगाए जाने की जानकारी भी सामने आई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि संबंधित भूमि सार्वजनिक जल निकासी मार्ग की श्रेणी में आती है तो भविष्य में जल निकासी व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्राकृतिक जल स्रोतों, नालों और सार्वजनिक जल निकासी मार्गों के संरक्षण को लेकर विभिन्न न्यायालय समय-समय पर महत्वपूर्ण निर्देश जारी कर चुके हैं। ऐसे में मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए राजस्व अभिलेखों एवं निर्माण कार्य की वैधानिक स्थिति की जांच आवश्यक है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है।

उल्लेखनीय है कि गोल्ड क्रेस्ट फैक्ट्री निर्माण को लेकर पूर्व में भी किसानों और ग्रामीणों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा चुका है। करीब दो दिनों तक चले आंदोलन में ग्रामीणों ने खेतों तक पहुंचने वाले पारंपरिक मार्ग को सुरक्षित रखने, स्थानीय लोगों को रोजगार देने तथा जनसुविधाओं को प्रभावित नहीं करने की मांग उठाई थी। मामला बढ़ने पर जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद समाधान का रास्ता निकाला गया था।

ग्रामीणों का यह भी कहना है कि वर्तमान में बड़े पैमाने पर जारी निर्माण कार्य के दौरान कुछ स्थानों पर शासकीय एवं पड़त भूमि के उपयोग को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। किसानों के अनुसार विवाद और संभावित दबाव के कारण कई लोग खुलकर अपनी बात सामने नहीं रख पा रहे हैं।

फैक्ट्री प्रबंधन का पक्ष

गोल्ड क्रेस्ट फैक्ट्री के अधिकारी दिनेश पांडे ने दूरभाष पर चर्चा में बताया कि फैक्ट्री निर्माण में किसी भी प्रकार का कार्य बिना अनुमति के नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि किसी किसान या ग्रामीण को किसी प्रकार की समस्या है तो उनकी बात सुनी जाएगी और उसका उचित समाधान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि फैक्ट्री का निर्माण कार्य अभी जारी है तथा सभी गतिविधियां आवश्यक नियमों, स्वीकृतियों और विभागीय अनुमतियों के अनुरूप संचालित की जा रही हैं। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों में सहयोग करने की अपील भी की।

Related Post